कांवड़ियों की दो चलती बाइकों में आग लग गई, टला बड़ा हादसा, बाल बाल बचे कांवड़िये ;

हरिद्वार : कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार में दो बड़े हादसे टल गए। कांवड़ियों की दो चलती बाइकों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया। इस दौरान बाइक सवार कांवड़िए सुरक्षित नीचे उतर गए। बाइक में आग लगने की एक घटना गुरुकुल कांगड़ी फ्लाईओवर पर हुई। दूसरी घटना केबल ब्रिज पर हुई। दोनों जगहों पर बाइकों में आग लगने से जाम लग गया।

धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ मेले का आज आखिरी दिन है। कल यानी बुधवार को सभी कांवड़ियों को अपने-अपने गंतव्य तक पहुंचकर जल चढ़ाना है। ऐसे में हरिद्वार में कांवड़ियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। इस भीड़ में कुछ ऐसी तस्वीरें भी सामने आने लगी हैं, जो डराने वाली हैं।

कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार के गुरुकुल कांगड़ी फ्लाईओवर के ऊपर मंगलवार को एक चलती मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि आग से कोई जनहानि नहीं हुई। बाइक सवार कांवड़िए भी सुरक्षित हैं।

आपको बता दें कि इस समय हरिद्वार में डाक कांवड़ का जोर है। बड़ी संख्या में कांवड़िए बाइक पर जल लेकर तेज गति से जा रहे हैं। आज ऐसे ही एक कांवड़िए की बाइक में गुरुकुल कांगड़ी फ्लाईओवर पर अचानक आग लग गई। बाइक भीषण रूप से जलने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर गुरुकुल कट पर ड्यूटी पर तैनात एडिशनल टीएसआई दीवान सिंह तोमर और कांस्टेबल टीपी शेर सिंह ने आग बुझाना शुरू कर दिया। अफरा-तफरी का माहौल इतना बढ़ गया कि पानी की बोतलों से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। फिर वहां मौजूद एक ट्रक चालक से अग्निशमन यंत्र लेकर आग पर काबू पाया गया और एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

दूसरी घटना सोमवार शाम की है। हरिद्वार के केबल ब्रिज पर एक कांवड़िये की चलती बाइक में अचानक आग लग गई। कांवड़िये की बाइक आग के गोले में बदल गई। जब तक आग पर काबू पाया जा सका, बाइक जलकर राख हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्परता दिखाई और सुरक्षा की दृष्टि से दोनों तरफ का यातायात रोक दिया। दमकल विभाग की टीम की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि यहां भी कोई जनहानि नहीं हुई।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts