सैयद दाऊद और गिरोह के तीन अन्य सदस्यों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट, कनाडा से फंडिंग, अमेरिका व् पाकिस्तान से मिलते थे आदेश

आगरा : यूपी पुलिस ने धर्मांतरण के खेल के एक बड़े खिलाड़ी छांगुर बाबा को गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया है। एटीएस और अन्य खुफिया एजेंसियां अब उसके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी हैं। इस बीच, पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने इस खेल के एक और बड़े खिलाड़ी सैयद दाऊद की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। आगरा पुलिस ने सैयद दाऊद और गिरोह के तीन अन्य सदस्यों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है।

दरअसल, आगरा की सगी बहनों का धर्मांतरण कराने वाले गिरोह के तार कनाडा से जुड़े हैं। मध्य प्रदेश का सैयद दाऊद अहमद इस गिरोह का सरगना है, जो कनाडा में रहता है और वहीं से गिरोह की मुखिया आयशा उर्फ एसबी कृष्णा को फंडिंग करता था। आगरा पुलिस ने धर्मांतरण गिरोह के सरगना सैयद दाऊद अहमद समेत तीन लोगों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। पुलिस अब इंटरपोल की मदद से आरोपी सैयद दाऊद अहमद के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करेगी। इस मामले में आगरा पुलिस ने अब संगठित अपराध की धारा बढ़ा दी है। धर्मांतरण गिरोह के नेटवर्क को तोड़ने के लिए आईबी ने आगरा में डेरा डाल दिया है। आगरा पुलिस के साथ-साथ आईबी और अन्य एजेंसियां भी पुलिस की गिरफ्त में आए धर्मांतरण गिरोह के आरोपियों से पूछताछ कर रही हैं।

बता दें कि आगरा पुलिस ने मार्च 2025 में लापता सगी बहनों की तलाश में पश्चिम बंगाल, राजस्थान, उत्तराखंड, यूपी, गुजरात समेत अन्य राज्यों में छापेमारी की थी। पुलिस ने सगी बहनों को कोलकाता से सकुशल बरामद किया था। इसके बाद धर्मांतरण गिरोह में शामिल 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही, धर्मांतरण गिरोह के चंगुल से मुक्त कराई गई सगी बहनों की काउंसलिंग की जा रही है। इंटरपोल से रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाएगी पुलिस: आगरा के पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस ने दिल्ली निवासी मुस्तफा उर्फ मनोज को गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ में नेहा समेत दो और लोगों की पहचान दिल्ली में गिरोह के सदस्यों के रूप में हुई है। अब सबूतों के आधार पर उन्हें भी आरोपी बनाया गया है।

उनके गैर-जमानती वारंट जारी कर दिए गए हैं। आगरा पुलिस की एक टीम दिल्ली भेजी गई है। इस मामले में कनाडा का सैयद दाऊद अहमद गिरोह का मास्टरमाइंड है। वह कनाडा से धर्मांतरण गिरोह की मुखिया आयशा उर्फ एसबी कृष्णा (गोवा) को धन भेजता था। उसका गैर-जमानती वारंट लिया गया है। उसे कनाडा से भारत लाने के लिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जाएगा। गोवा से निकलने के बाद, वह अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग भेष बदलकर गिरोह के सदस्यों से मिलती थी। पश्चिम बंगाल में रहने के दौरान, वह हमेशा बुर्के में दिखाई देती थी। इस वजह से, धर्मांतरण गिरोह के सदस्य उसे ठीक से पहचान भी नहीं पाते हैं। आयशा उर्फ एसबी कृष्णा केवल पहचाने गए लोगों से ही संपर्क करती थी।

आगरा के पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बताया कि मध्य प्रदेश का मूल निवासी सैयद दाऊद अहमद वर्तमान में कनाडा में रहता है, जो गिरोह की मुखिया आयशा को विदेश से धन भेजता था। पुलिस को गिरोह की मुखिया को भेजी गई बड़ी रकम का रिकॉर्ड मिल गया है। यह रकम दाऊद ने भेजी थी। यह रकम धर्मांतरण गिरोह के सदस्यों और गिरोह के जाल में फंसे लोगों के रहने-खाने पर खर्च होती थी। धर्मांतरण कराने वाले लोगों के वीडियो भी सैयद दाऊद अहमद को भेजे जाते थे। फंडिंग हवाला के ज़रिए नहीं, बल्कि खाते में आती थी।

कनाडा-अमेरिका से ऑर्डर लेती थी आयशा: आगरा पुलिस की पूछताछ में यह भी पता चला है कि धर्मांतरण गिरोह में आयशा उर्फ एसबी कृष्णा सबसे तेज़ तर्रार है। इसलिए उसे गिरोह की मुखिया बनाया गया है। आयशा अमेरिका, कनाडा और पाकिस्तान में बैठे आकाओं के संपर्क में है। आयशा गिरोह की इकलौती सदस्य थी जो उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, यूपी और गोवा में सभी के लगातार संपर्क में रहती थी। आयशा को कनाडा और अमेरिका से न सिर्फ़ फंडिंग मिलती थी, बल्कि ऑर्डर भी मिलते थे। आयशा छह राज्यों में नेटवर्क के सदस्यों को हवाला के ज़रिए फंडिंग की रकम भेजती थी।

धर्मांतरण गिरोह में फंसी सगी बहनों को सुरक्षित आगरा लाने के लिए एक विशेष पुलिस टीम भेजी गई थी। विशेष पुलिस टीम में एसीपी अरीब अहमद, इंस्पेक्टर राजीव त्यागी, इंस्पेक्टर भानु प्रताप सिंह, इंस्पेक्टर रीता यादव, एसआई योगेश नागर, एटीएस के एसआई अंकुर मलिक शामिल हैं। टीम को खुफिया कैमरे दिए गए थे। कार्रवाई से पहले पुलिस टीम ने कमरा किराए पर लेने के नाम पर कोलकाता की मुस्लिम बस्तियों में रेकी की। आगरा में बैठे पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने पुलिस टीम के कैमरे की मदद से वहाँ के रास्तों को देखा। ताकि कार्रवाई में विरोध होने पर भी टीम सुरक्षित जा सके।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts