महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस और फोरेंसिक टीम मौत के रहस्य की जाँच में जुटी

मेरठ : यूपी के मेरठ के गंगानगर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 38 वर्षीय महिला ने जब दरवाजा नहीं खोला तो उसके देवर ने दरवाजा तोड़ा तो कमरे में महिला का शव मिला। महिला का पति सेना में सूबेदार है, जबकि महिला ज्ञानेश अपने दो बच्चों के साथ अलकनंदा धाम कॉलोनी में रहती थी। घर में मृतका के केवल दो बच्चे ही थे, जो दूसरे कमरे में सो रहे थे। पुलिस और फोरेंसिक टीम घटना को संदिग्ध मानते हुए मौत के रहस्य से पर्दा उठाने की कोशिश कर रही है।

घटना का पता तब चला जब सुबह महिला का देवर विपिन गाँव से वहाँ पहुँचा, लेकिन बार-बार आवाज़ लगाने और दरवाजे से आवाज़ लगाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो देवर ने किसी तरह मुख्य द्वार का ताला तोड़ा। इस दौरान पड़ोसी भी वहाँ इकट्ठा हो गए। जब वे घर में दाखिल हुए तो एक कमरे का जालीदार दरवाजा अंदर से बंद था। किसी तरह जालीदार दरवाजा तोड़ा गया और ज्ञानेश का शव बाहर निकाला गया।

घटना की सूचना मिलते ही गंगानगर पुलिस मौके पर पहुँच गई। दोनों बच्चे बगल वाले कमरे में सो रहे थे, जिन्हें इस बात का ज़रा भी अंदाज़ा नहीं था कि उनकी माँ अब इस दुनिया में नहीं रहीं। पुलिस के अलावा फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी मौके पर पहुँच गई। पुलिस इसे संदिग्ध मानकर जाँच कर रही है।

बताया जा रहा है कि यह परिवार मूल रूप से फलावदा थाना क्षेत्र के दांडेपुर गाँव का रहने वाला है। सूबेदार विपिन कुमार ने बच्चों की पढ़ाई के लिए अलकनंदा धाम कॉलोनी में एक मकान किराए पर लिया था। ज्ञानेश की मौत से हर कोई सदमे में है। घर पर पड़ोसियों और रिश्तेदारों का तांता लगा हुआ है। सभी का कहना है कि वह बहुत ही मिलनसार महिला थीं।

एसएचओ गंगानगर ने बताया कि सूचना पर पुलिस पहुँच गई। शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया गया है। मृतका के पति विपिन कुमार सेना में सूबेदार हैं। वह राजस्थान के गंगानगर में तैनात हैं। उन्हें सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद ही इस मामले में कुछ कहा जा सकता है। पुलिस हर बिंदु पर जाँच कर रही है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts