जांच में मेला गुघाल के ठेकेदार की लापरवाही आई सामने, बिना फिटनेस प्रमाण पत्र के चलाये जा रहे झूले

Mela Ghugal Saharanpur

सहारनपुर : मेला गुघाल में झूला गिरने की घटना में कई बच्चों के घायल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। अधिकारीयों की टीम ने मेला गुघाल पहुँच कर जांच की तो कई झूले बिना फिटनेस प्रमाण पत्र के मिले। जिस अधिकारियों ने न सिर्फ नाराजगी जताई बल्कि मेला ठेकेदार की लापरवाही भी सामने आई है। ADM प्रशासन ने बिना फिटनेस प्रमाण पत्र वाले झूलों को हटाने के आदेश दिए हैं। उन्होंने बिना फिटनेस प्रमाण पत्र वाले झूलों का संचालन बंद करने के आदेश दिए।

आपको बता दें कि दो दिन पहले मेला गुघाल में एक छोटा झूला अचानक टूट जाने से कई बच्चे घायल हो गए थे। घटना के सार्वजनिक होने के बाद अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संतोष बहादुर सिंह, लोक निर्माण विभाग और नगर निगम के अधिकारियों ने मेले का दौरा कर जाँच की। मेले में लगे कई झूले बिना फिटनेस प्रमाण पत्र वाले पाए गए। अधिकारियों ने झूलों को तुरंत हटाने और नियमानुसार झूले लगाने के आदेश दिए। जिसके बाद झूला संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। क्योंकि मेला गुघाल में लगे ज्यादातर झूले बिना फिटनेस के हैं और मानकों के अनुरूप लगाए गए हैं। जिनसे हादसा होने का खतरा बना हुआ है।

हादसे के बाद जागे जिला प्रशासन ने मंगलवार को मेला परिसर में लगे सभी झूलों और वहां की सुरक्षा का निरीक्षण किया। निरिक्षण के दौरान छोटे-बड़े सभी झूलों में बड़ी लापरवाही पाई गई। लगभग 70 फुट ऊँचे झूले का आधार लकड़ी के गुटकों पर टिका हुआ पाया गया। ड्रैगन झूले समेत लगभग सभी बड़े झूलों का आधार ईंटों या फिर लकड़ी के ब्लॉक पर टिका हुआ मिला।

हैरत की बात तो ये है कि महज एक बीघा ज़मीन पर तेरह झूले लगाए गए हैं, जिनके बीच किसी तरह का कोई गैप नहीं दिया गया है। ऐसे में अगर कोई हादसा हो जाए तो लोगों को भागने की जगह भी नहीं मिल पायेगी। इतना ही नहीं अगर आग लग जाए तो फायर ब्रिगेड की गाडी भी नहीं पहुँच पाएगी। अपर ज़िला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) संतोष बहादुर सिंह ने बताया कि मेला गुघाल में लगाए झूलों में बड़ी लापरवाही पाई गई है। ठेकेदार और झूला संचालकों को नियमों के अनुसार झूले लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts