हरिद्वार : उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। हरिद्वार में दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हत्या का यह मामला हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र का है। घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है। इस घटना के बाद इलाके के लोग काफी डरे हुए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र के जमालपुर इलाके में कुछ लोग एक युवक को बहला-फुसलाकर पार्क में ले गए। आरोप है कि उन्होंने वहीं युवक को गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दोस्त उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर कनखल थाने की पुलिस और युवक के परिजन अस्पताल पहुँचे। पुलिस ने प्रारंभिक जानकारी के आधार पर मामले की जाँच भी शुरू कर दी है। फिलहाल, पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने बताया कि मृतक युवक का नाम सुमित चौधरी था। सोमवार को सुमित चौधरी घर पर बैठा था, तभी कुछ लोगों ने उसे घर के पास एक पार्क में बुलाया। बताया जा रहा है कि पार्क में ही उसे गोली मार दी गई।
सुमित चौधरी को किसने और क्यों गोली मारी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस का मानना है कि हत्या के पीछे आपसी मतभेद या रंजिश हो सकती है। हरिद्वार के एसएसपी प्रमोद डोभाल ने बताया कि सुमित चौधरी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। सुमित चौधरी अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहता था। हरिद्वार में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शनिवार को कनखल थाना क्षेत्र में गोलीबारी की घटना हुई। गोलीबारी के दौरान एक युवक को गोली लग गई। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है।

