पिता-पुत्र के बीच घरेलू विवाद में बेटे की मौत हो गई और बहू गंभीर रूप से हो गई घायल

मुज़फ़्फ़रनगर : भोपा थाना क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी में शुक्रवार सुबह पिता-पुत्र के बीच घरेलू विवाद जानलेवा हो गया। झगड़े के दौरान गुस्साए पिता ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी, जिससे उसके बेटे की मौत हो गई और बहू गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।

एसएसपी संजय वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, भोपा थाना क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी निवासी बृजवीर का शुक्रवार सुबह अपने बेटे रोबिन सहरावत (28) और बहू रविता (25) से झगड़ा हुआ था। झगड़े के दौरान बृजवीर ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी, जिससे उसके बेटे और बहू दोनों घायल हो गए।

गोलियों की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुँचे और रोबिन और रविता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में रोबिन की मौत हो गई, जबकि रविता का इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

एसएसपी के मुताबिक, आरोपी बृजवीर ने अपने बेटे और बहू पर लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक से गोली चलाई। उसे हिरासत में ले लिया गया है और विवाद के संबंध में पूछताछ की जा रही है। बहू के बयान और प्रारंभिक जांच के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। रॉबिन के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts