सहारनपुर : गुरुवार की देर रात सहारनपुर पुलिस महकमे में उस वक्त हड़कंप मच गया जब जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आंतकी संगठन जैश ए मोहम्मद के फैन डॉक्टर की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी। श्रीनगर पुलिस ने प्राइवेट अस्पताल में कार्यरत एक डॉक्टर आदिल को हिरासत में लिया। पुलिस आरोपी डॉक्टर को लेकर रात मे ही श्रीनगर के लिए रवाना हो गया। डॉक्टर पर श्रीनगर में आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के पोस्टर लगाने का आरोप है। श्रीनगर पुलिस ने इस मामले में शुरुआत में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी, लेकिन सीसीटीवी फुटेज के आधार पर डॉक्टर की पहचान होने के बाद य़ह कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार आरोपी डॉ. आदिल अहमद राथर पुत्र अब्दुल मजीद निवासी अनंतनाग (जम्मू-कश्मीर) सहारनपुर के अंबाला रोड स्थित एक बड़े अस्पताल में मेडिसिन विशेषज्ञ के रूप मे काम कर रहा था। कुछ दिन पहले श्रीनगर के कई इलाकों में जैश-ए-मोहम्मद के पोस्टर लगाये गये थे। जिन पर आतंकवादी संगठन के समर्थन में संदेश लिखे थे। इस घटना के बाद श्रीनगर में तनाव फैल गया और पुलिस ने 28 अक्टूबर को इस मामले में अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ मुकदमा दर्ज जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो आतंकी संगठन के पोस्टर लगाये वाले आरोपी की पहचान हो पाई। सीसीटीवी फुटेज में डॉ. आदिल पोस्टर लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद श्रीनगर पुलिस ने उनके पैतृक गाँव अनंतनाग में परिवार के सदस्यों से पूछताछ की और मोबाइल सर्विलांस के ज़रिए उनकी लोकेशन का पता लगाया। ट्रैकिंग के बाद पुलिस और सर्विलांस टीम सहारनपुर पहुँची और स्थानीय पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की मदद से डॉक्टर को अंबाला रोड स्थित एक अस्पताल से गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि जम्मू पुलिस ने गुरुवार को एसएसपी आशीष तिवारी से मुलाकात की और सभी कानूनी औपचारिकताएँ पूरी कर आरोपी डॉक्टर की तलाश में दबिश दी। आरोपी को सदर बाज़ार थाने में पेश किया गया जहाँ अदालत ने उसे ट्रांजिट रिमांड पर श्रीनगर पुलिस को सौंप दिया। सूत्रों के अनुसार डॉ. आदिल के खिलाफ सहारनपुर में कोई स्थानीय मामला दर्ज नहीं है। श्रीनगर पुलिस ने उस मामले का नंबर और विवरण साझा किया है जिसके तहत उन्हें पूछताछ के लिए ले जाया गया था।
एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया है कि डॉ. आदिल पहले दिल्ली रोड स्थित एक बड़े अस्पताल में काम करते थे लेकिन कुछ समय बाद उन्होंने अंबाला रोड स्थित अस्पताल में काम करना शुरू कर दिया। सूत्रों का यह भी कहना है कि उसने हाल ही में 4 अक्टूबर को उसी इलाके की एक महिला डॉक्टर से शादी की है। इस बीच स्थानीय पुलिस भी सतर्क है। जम्मू-कश्मीर से आने वाले लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक जम्मू-कश्मीर के कई डॉक्टर सहारनपुर में प्रैक्टिस कर रहे हैं। एक निजी डॉक्टर के क्लिनिक में जम्मू-कश्मीर के कई लोग काम करते हैं। इसलिए, स्थानीय खुफिया विभाग और पुलिस भी सतर्क हो गई है। फेमस अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारी डॉ असलम जैदी ने बताया कि डॉ आदिल अहमद ने एक मार्च को उनके अस्पताल में ज्वाइन किया था। आदिल व्यवहार कुशल और शांत प्रिय व्यक्ति थे। उनके पास किसी संदिग्द व्यक्ति को आते जाते कभी नहीं देखा और ना ही वे किसी से इस तरह की बात करते थे। इस बात का उन्हें भी कोई अंदाजा नहीं था कि उनके अस्पताल में मरीजों का बेहतरीन इलाज करने वाला डॉक्टर जैश ए मोहम्मद जैसे आतंकी संगठन से कनेक्शन हो सकता है।

