बीमारी से परेशान कार ड्राइवर ने गला काटकर आत्महत्या की, किडनी और लिवर की बीमारी से जूझ रहा था मुकेश

Car Driver, Troubled by Illness Commits Suicide by Slitting His Throat, Mukesh Was Suffering from Kidney and Liver Disease

मेरठ : नैनीताल के रहने वाले कार ड्राइवर मुकेश जोशी (30) ने शुक्रवार दोपहर परतापुर थाने के पीछे रेलवे कॉलोनी में चाकू से अपना गला काटकर आत्महत्या कर ली। मुकेश किडनी और लिवर की बीमारी से परेशान थे, जिस वजह से वह तनाव में थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मूल रूप से नैनीताल के रहने वाले मुकेश जोशी परतापुर थाने के पीछे रेलवे कॉलोनी में अक्षरौंदा गांव के रहने वाले दीपक के किराए के मकान में अपनी मां गंगा देवी, बहन ज्योति और जीजा अंकित के साथ रहते थे। वह एक कंपनी में कार ड्राइवर का काम करते थे। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर उनकी मां गंगा देवी किचन में खाना बना रही थीं।

इसी दौरान मुकेश अपनी मां के पास गए, सब्जी काटने वाला चाकू मांगा और वापस अपने बिस्तर पर चले गए। थोड़ी देर बाद उन्होंने चाकू से अपना गला काट लिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर मां गंगा देवी उनके पास पहुंचीं और मुकेश को खून से लथपथ देखकर चिल्लाने लगीं। बेटे को इस हालत में देखकर गंगा देवी ने पड़ोसियों को बुलाया। मुकेश को एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनके जीजा अंकित ने बताया कि मुकेश पिछले चार साल से किडनी और लिवर की बीमारी से पीड़ित थे।
इसी वजह से वह तनाव में थे। सेहत में सुधार न होने के कारण पिछले कुछ दिनों से उनका व्यवहार भी बदल गया था। मुकेश की मौत की खबर सुनकर उनकी मां गंगा देवी और बहन ज्योति का रो-रोकर बुरा हाल था। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि मुकेश किसी बीमारी से पीड़ित थे। वह मंगलवार को भी काम पर नहीं गए थे। उनकी मौत के कारणों के बारे में परिवार वालों से पूछताछ की जा रही है।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts