सहारनपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच फिर हुई मुठभेड़, 50 हजार का इनामी बदमाश बिलाल घायल

Encounter in Saharanpur

सहारनपुर : सहारनपुर पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। थाना चिलकाना इलाके में पुलिस मुठभेड़ के दौरान 50 हजार का इनामी बदमाश बिलाल घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार बदमाश ने फायरिंग की जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह घायल हो गया जबकि मौके से उसका एक साथी फरार हो गया। जिसकी तलाश जारी है। आरोपी के पास से हथियार, कारतूस, नकदी और बाइक बरामद हुई है। बिलाल के ख़िलाफ़ विभिन्न थानों में 28 से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

Encounter in Saharanpur
आपको बता दें कि सहारनपुर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया हुआ है। गुरुवार को चेकिंग अभियान के तहत थाना चिलकाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 50 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर बदमाश बिलाल को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि थाना चिलकाना पुलिस साईफन पुलिया से बुड्ढाखेड़ा मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। तभी बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने लगे।

पुलिस टीम ने पीछा किया तो करीब 100 मीटर आगे जाकर बदमाशों ने बाइक गिरा दी और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस को भी गोली चलानी पड़ी। मुठभेड़ में एक बदमाश के दोनों पैरों में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। घटना के दौरान दूसरा बदमाश जंगल और आम के बाग का फायदा उठाकर मौके से भागने में कामयाब हो गया। पुलिस उसकी तलाश में कॉम्बिंग अभियान चला रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त के के पास से पुलिस ने 1 पिस्टल 5 जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। एसपी सिटी के मुताबिक गिरफ्तार बदमाश की पहचान बिलाल पुत्र जमशैद निवासी टोडरपुर, थाना चिलकाना के रूप में हुई है। वह थाना सरसावा में दर्ज लूट के मामले में वांछित चल रहा था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार आरोपी बिलाल के खिलाफ सहारनपुर जिले के विभिन्न थानों में डकैती, लूट, चोरी, रंगदारी, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित करीब 28 मुकदमे दर्ज हैं। जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है।

सहारनपुर में कई दिनों से पुलिस का ऑपरेशन क्लीन लगातार जारी है। बुधवार को थाना मिर्जापुर इलाके में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने एक लाख के इनामी बदमाश शहजाद को मार गिराया था। वहीं गुरुवार को हुई मुठभेड़ में थाना चिलकाना पुलिस ने 50 हजार के इनामी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अपराधियों में दहशत का माहौल बना दिया है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts