सहारनपुर : सहारनपुर पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। थाना चिलकाना इलाके में पुलिस मुठभेड़ के दौरान 50 हजार का इनामी बदमाश बिलाल घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार बदमाश ने फायरिंग की जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह घायल हो गया जबकि मौके से उसका एक साथी फरार हो गया। जिसकी तलाश जारी है। आरोपी के पास से हथियार, कारतूस, नकदी और बाइक बरामद हुई है। बिलाल के ख़िलाफ़ विभिन्न थानों में 28 से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

आपको बता दें कि सहारनपुर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया हुआ है। गुरुवार को चेकिंग अभियान के तहत थाना चिलकाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 50 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर बदमाश बिलाल को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि थाना चिलकाना पुलिस साईफन पुलिया से बुड्ढाखेड़ा मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। तभी बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने लगे।
गिरफ्तार अभियुक्त के के पास से पुलिस ने 1 पिस्टल 5 जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। एसपी सिटी के मुताबिक गिरफ्तार बदमाश की पहचान बिलाल पुत्र जमशैद निवासी टोडरपुर, थाना चिलकाना के रूप में हुई है। वह थाना सरसावा में दर्ज लूट के मामले में वांछित चल रहा था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार आरोपी बिलाल के खिलाफ सहारनपुर जिले के विभिन्न थानों में डकैती, लूट, चोरी, रंगदारी, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित करीब 28 मुकदमे दर्ज हैं। जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है।
सहारनपुर में कई दिनों से पुलिस का ऑपरेशन क्लीन लगातार जारी है। बुधवार को थाना मिर्जापुर इलाके में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने एक लाख के इनामी बदमाश शहजाद को मार गिराया था। वहीं गुरुवार को हुई मुठभेड़ में थाना चिलकाना पुलिस ने 50 हजार के इनामी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अपराधियों में दहशत का माहौल बना दिया है।

