हरियाणा : हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष Harvinder Kalyan ने कहा है कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जागरूक समाज और जनप्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह बात राष्ट्रमंडल संसदीय संघ इंडिया रीजन जोन-2 सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती उसके नागरिकों की जागरूकता और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही पर निर्भर करती है। एक जागरूक समाज न केवल अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सचेत रहता है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों को भी सशक्त बनाता है। वहीं जनप्रतिनिधि जनता की उम्मीदों, समस्याओं और आवश्यकताओं को समझकर उन्हें नीतियों और विकास योजनाओं के माध्यम से समाधान प्रदान करने का कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि आज देश तेजी से विकास की ओर अग्रसर है और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सरकार, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। जब समाज जागरूक होकर विकास की प्रक्रिया में भागीदारी करता है और जनप्रतिनिधि पारदर्शिता व जवाबदेही के साथ कार्य करते हैं, तब लोकतंत्र और अधिक मजबूत बनता है।
हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी बदलाव, सामाजिक चुनौतियां और वैश्विक परिस्थितियां नई जिम्मेदारियां लेकर आई हैं। ऐसे में जनप्रतिनिधियों को जनता के साथ निरंतर संवाद बनाए रखना होगा और समाज को भी राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों, लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण और जनभागीदारी के माध्यम से भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा तथा विकसित भारत-2047 का संकल्प निश्चित रूप से साकार होगा।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


