मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और जनकल्याण का स्वर्णिम अध्याय — मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

Modi government a golden chapter of service good governance and public welfare
पंचकूला : पंचकूला में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों को राष्ट्र निर्माण, सुशासन और जनकल्याण का स्वर्णिम काल बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, पारदर्शिता और गरीब कल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व के बल पर सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का ईमानदार प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि देश को तुष्टिकरण की राजनीति से निकालकर संतुष्टीकरण और अंत्योदय के नए युग में प्रवेश कराया गया है, जहां विकास का लाभ सभी वर्गों तक समान रूप से पहुंच रहा है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण को अपनी नीतियों के केंद्र में रखा। इसी का परिणाम है कि करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में सफलता मिली है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक आवासों का निर्माण कर गरीब परिवारों को सम्मानजनक जीवन का आधार प्रदान किया गया है।
उन्होंने कहा कि आर्थिक और सामाजिक न्याय को मजबूत करने के लिए आर्थिक रूप से कमजोर सवर्ण वर्गों को 10 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया गया, जिससे समाज के जरूरतमंद वर्गों को नई संभावनाएं मिली हैं। वहीं डिजिटल इंडिया अभियान के तहत भारत ने यूपीआई के माध्यम से डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व स्थापित किया है, जिसने आम लोगों के जीवन को आसान और पारदर्शी बनाया है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं के सशक्तिकरण को मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया और मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और नवाचार के नए अवसर उपलब्ध कराए हैं। इन पहलों ने भारत को वैश्विक स्तर पर एक उभरती आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों के हित में किए गए सुधारों तथा देशभर में सड़क, रेल, हवाई और अन्य आधारभूत ढांचे के व्यापक विस्तार का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत आधार मिला है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आने वाले वर्षों में भी विकास, सुशासन और जनसेवा के नए कीर्तिमान स्थापित करता रहेगा।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts