सहारनपुर : सहारनपुर के थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र में शनिवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बेहट रोड स्थित धौलाकुआं के पास तेज रफ्तार क्रेटा कार ने बाइक सवार एक परिवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना दर्दनाक था कि बाइक पर सवार चारों लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक युवक, उसकी मां, बहन और ढाई वर्षीय मासूम बेटी शामिल हैं। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से गांव मलकपुर में शोक की लहर दौड़ गई है और हर आंख नम है।
आपको बता दें कि मलकपुर निवासी 26 वर्षीय लविश अपनी मां राजदुलारी (55), बहन अंजना उर्फ तन्नु (20) और ढाई साल की बेटी रूही के साथ बाइक से अपने गांव लौट रहा था। वह अपनी ससुराल कोठड़ी गया हुआ था और वहां से अपनी माँ, बहन और बेटी को लेकर वापस घर आ रहा था। जैसे ही उसकी बाइक गाँव धौलाकुआं के पास पहुंची तो पीछे से आ रही तेज रफ़्तार क्रेटा कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार चारों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन फानन में आसपास के ग्रामीण और राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। ग्रामीणों ने राहगीरों की मदद से घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे की जाँच में जुट गई। वहीं जिला अस्पताल में भी पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
परिजनों ने बताया कि लविश परिवार का मेहनती और जिम्मेदार सदस्य था। वह मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था और 2022 में उसकी शादी हुई थी। उसके परिवार में पत्नी, एक बेटा और बेटी रूही थी। हादसे में बेटी रूही की भी मौत हो गई, जबकि उसका छोटा बेटा घर पर सुरक्षित है। एक ही हादसे में परिवार के चार सदस्यों के चले जाने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिला अस्पताल में जब मृतकों के परिजन पहुंचे तो वहां का दृश्य बेहद मार्मिक था। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। मां, बहन और बेटी के साथ बेटे की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव मलकपुर में जैसे ही हादसे की खबर पहुंची, वहां मातम पसर गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतकों के घर पहुंचने लगे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने का प्रयास करते रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि लविश अपने व्यवहार और मेहनत के कारण गांव में काफी लोकप्रिय था। उसकी मां राजदुलारी परिवार की बुजुर्ग सदस्य थीं, जबकि अंजना की उम्र अभी महज 20 वर्ष थी। वहीं ढाई साल की मासूम रूही की मौत ने लोगों को सबसे अधिक झकझोर दिया। गांव के लोगों का कहना है कि एक ही परिवार के चार लोगों की अर्थी उठने की घटना ने पूरे क्षेत्र को गम में डुबो दिया है। वहीं एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि हादसे में बच्ची समेत एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हुई है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के बाद क्रेटा कार चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


