बदरीनाथ-केदारनाथ समेत उत्तराखंड के कई संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस थानों को भी बनाया निशाना

बदरीनाथ-केदारनाथ समेत उत्तराखंड के कई संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस थानों को भी बनाया निशाना

देहरादून/हरिद्वार: उत्तराखंड में एक बार फिर बम धमकी से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। इस बार धमकी का दायरा केवल सरकारी कार्यालयों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों, नगर निगमों, पर्यटन स्थलों और पुलिस थानों को भी निशाना बनाया गया है। धमकी मिलने के बाद पुलिस, खुफिया एजेंसियां और साइबर सेल पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार हरिद्वार नगर निगम और मसूरी नगर पालिका को ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी भेजी गई। ईमेल में हरिद्वार नगर निगम के अलावा ऋषिकेश, केदारनाथ धाम, बदरीनाथ धाम और उत्तराखंड के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का भी जिक्र किया गया है। ईमेल भेजने वाले ने खुद को कथित तौर पर खालिस्तान से जुड़ा बताया और बदले की कार्रवाई की बात लिखी है। इस धमकी के बाद संबंधित कार्यालयों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

हरिद्वार नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि धमकी भरा ईमेल मिलते ही इसकी सूचना पुलिस को दे दी गई थी। इसके बाद पुलिस और खुफिया विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल हर पहलू की जांच की जा रही है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास जारी है।

दूसरी ओर उत्तराखंड पुलिस के सभी थानों को भी सोशल मीडिया के जरिए बम धमाकों की धमकी दी गई है। नगर कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक रवि प्रसाद कवि की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार 22 जून को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें दावा किया गया कि “25 जून 2026 को उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों में धमाके होंगे।” इस पोस्ट के वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में सोशल मीडिया पोस्ट का संबंध हरियाणा के अंबाला निवासी जसप्रीत सिंह नामक युवक से जुड़ा पाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता से भी इनकार नहीं किया जा सकता। जांच में यह भी सामने आया कि धमकी पहले इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई, जिसके बाद उसे एक्स (पूर्व में ट्विटर) और फेसबुक पर भी साझा किया गया।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मसूरी और नगर कोतवाली में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट और ईमेल की तकनीकी जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल राज्य के सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और जांच एजेंसियां हर पहलू की गहन पड़ताल कर रही हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts