पीएम मोदी का कानपुर दौरा तय, 15 हजार करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात; एक्सप्रेस-वे, मेट्रो और पावर प्लांट का करेंगे लोकार्पण

PM Modi welcomes Trump's Gaza peace plan, Hopes all parties will support this initiative

कानपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बहुप्रतीक्षित कानपुर दौरा लगभग तय हो गया है। जून के अंतिम सप्ताह या जुलाई के पहले सप्ताह में प्रस्तावित इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री शहर को करीब 15 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं पूरे कार्यक्रम की निगरानी कर रहे हैं। जनसभा के लिए गोविंद नगर स्थित निराला नगर रेलवे मैदान और कानपुर-उन्नाव मार्ग पर स्थित एक अन्य स्थल को अंतिम रूप देने पर विचार किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान पांच बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें घाटमपुर का 660 मेगावाट पावर प्लांट, कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, अनवरगंज-मंधना एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, रामादेवी से गोल चौराहा तक एलिवेटेड ट्रैक तथा कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो कॉरिडोर शामिल हैं। इन परियोजनाओं के शुरू होने से शहर के बुनियादी ढांचे और यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है।

सबसे बड़ी सौगात कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे होगी। करीब 63 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेस-वे का निर्माण लगभग 3000 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इसके चालू होने के बाद कानपुर से लखनऊ की यात्रा, जो वर्तमान में ट्रैफिक के कारण लगभग तीन घंटे लेती है, अब केवल 30 से 40 मिनट में पूरी हो सकेगी। इससे दोनों शहरों के बीच व्यापार, उद्योग और आवागमन को नई गति मिलेगी।

रेलवे अवसंरचना को मजबूत करने के लिए अनवरगंज से मंधना तक एलिवेटेड रेलवे ट्रैक भी बड़ी परियोजना साबित होगी। इस ट्रैक के बनने से 16 रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले लंबे जाम से लोगों को राहत मिलेगी। वहीं, रामादेवी से गोल चौराहा तक बनने वाला एलिवेटेड ट्रैक जीटी रोड पर ट्रैफिक दबाव को कम करेगा और फर्रुखाबाद, कन्नौज, अलीगढ़ तथा प्रयागराज की ओर आने-जाने वाले यात्रियों का सफर आसान बनाएगा।

दक्षिण कानपुर के लोगों को भी बड़ी राहत मिलने जा रही है। कानपुर सेंट्रल स्टेशन से नौबस्ता तक मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद शहर में कुल 23 मेट्रो स्टेशन हो जाएंगे। इससे दक्षिण कानपुर की लगभग 10 लाख आबादी को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन मिलेगा। साथ ही रावतपुर और कल्याणपुर रेलवे स्टेशनों की जगह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर एक नया आधुनिक स्टेशन भी विकसित किया जाएगा।

प्रशासन का कहना है कि अधिकांश परियोजनाएं पूरी तरह तैयार हैं, जबकि कुछ का शिलान्यास प्रधानमंत्री के हाथों होगा। सुरक्षा, यातायात और जनसभा की व्यवस्थाओं को लेकर सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री का यह दौरा कानपुर के विकास को नई दिशा देने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के बुनियादी ढांचे को भी मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts