सहारनपुर : सहारनपुर के देवबंद में 17 वर्षीय शिवा की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब 15 दिन पहले हुए विवाद का बदला लेने के लिए आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से शिवा की हत्या की और शव को गन्ने के खेत में छिपाया था। शिवा हत्याकांड के खुलासे को लेकर ग्रामीणों ने शव हाइवे पर रख न सिर्फ जाम लगाया था बल्कि प्रदर्शन करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और एक करोड़ मुआवजे की मांग की थी। इस दौरान पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा था।
SSP अभिनंदन सिंह ने बताया कि 27 जुलाई 2026 को शिवा के पिता जयप्रकाश ने थाना देवबंद में शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे कुछ युवक उनके बेटे शिवा को जबरन अपने साथ ले गए। इस आधार पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान टीचर कॉलोनी के पीछे गन्ने के खेत से शिवा का शव बरामद हुआ, जिसके बाद मुकदमे में हत्या समेत अन्य गंभीर धाराएं बढ़ा दी गईं।
SSP के निर्देश पर गठित टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 28 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर गांधी कॉलोनी निवासी तेजस पुत्र सतीश को जड़ौदा जट्ट मार्ग पर बने एक द्वार के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि लगभग 15 दिन पहले शिवा और सूर्यांश के बीच तमंचा दिखाने की बात को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद के बाद शिवा और उसके साथियों ने तेजस, आदी उर्फ आदित्य, सूर्यांश और आकाश के साथ मारपीट की थी। इसी घटना से नाराज होकर चारों ने शिवा की हत्या की साजिश रची।
आरोपी के अनुसार 26 जुलाई की रात सभी ने शिवा को घर से बातचीत के बहाने बाहर बुलाया और टीचर कॉलोनी के पीछे गन्ने के खेत में ले गए। वहां सभी ने मिलकर उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद शव को उसी खेत में छिपा दिया, ताकि किसी को घटना की जानकारी न हो सके। पुलिस का कहना है कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस हत्याकांड के खुलासे के बाद क्षेत्र में सनसनी का माहौल है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

