सहारनपुर में शव रखकर हाईवे जाम, पुलिस ने किया लाठीचार्ज; पथराव से बवाल, एक करोड़ मुआवजे की मांग

Highway blocked with dead body, Saharanpur lathicharge

सहारनपुर : फतवों की नगरी देवबंद में 17 वर्षीय शिवा की हत्या के बाद मंगलवार को हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए जब पोस्टमार्टम के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शव को हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। गुस्साए ग्रामीण हत्या के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ-साथ पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग पर अड़ गए। कई घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो बाद में झड़प में बदल गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ना पड़ा। जिसके बाद प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर पथराव कर दिया।

Murder in Deoband, Saharanpur Crime News, Friend Kills Friend, UP News, Saharanpur News Today,आपको बता दें कि 25 जुलाई को 17 वर्षीय शिवा घर से लापता हो गया। जिसकी गुमशुदगी परिजनों ने थाना देवबंद में दर्ज करायी और उसके तीन दोस्तों पर शक जताया था। 27 जुलाई की रात करीब 12 बजे पुलिस को टीचर्स कॉलोनी के पीछे खेत में शिवा का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पूरे मामले की गंभीरता से जांच की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हत्या की वारदात को शिवा के दोस्तों ने ही अंजाम दिया था। इनमें से एक आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, जबकि दो अभी भी फरार हैं। पुलिस जांच में यह सामने आया कि मृतक और आरोपी पहले अच्छे दोस्त थे। बाद में किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद और दुश्मनी हो गई थी। कुछ समय बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया और दोस्ती भी फिर से हो गई, लेकिन पुरानी रंजिश आरोपियों के मन से खत्म नहीं हुई।

इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने योजना बनाकर शिवा को घर से बुलाया और टीचर्स कॉलोनी के पीछे खेत में ले जाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शिवा का शव मंगलवार को परिजनों को सौंपा गया तो बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार हाईवे पर पहुंच गए। उन्होंने शव को सड़क के बीचोंबीच रखकर जाम लगा दिया जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। महिलाएं और बुजुर्ग भी प्रदर्शन में शामिल रहे और लगातार न्याय, मुआवजा तथा सरकारी नौकरी की मांग को लेकर नारेबाजी करते रहे।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। बाद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन और जिलाधिकारी अरविंद चौहान भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया, लेकिन इसके बावजूद प्रदर्शन समाप्त नहीं हुआ। जब पुलिस ने हाईवे से जाम हटाने की कोशिश की तो प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ हिंसक हो गई और पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान भगदड़ जैसे हालात बन गए। पुलिस कार्रवाई के विरोध में कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया। बाद में हाईवे से जाम हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।

परिजनों ने बताया कि सोमवार देर रात 17 वर्षीय शिवा का शव बरामद हुआ था। शिवा दो दिन से लापता था। उसके शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका यकीन में बदल गई। मृतक के पिता जयप्रकाश ने पहले ही बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान परिजनों को पता चला कि शिवा आखिरी बार अपने दोस्तों के साथ देखा गया था। तलाश के दौरान एक संदिग्ध दोस्त को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या करने की बात कबूल की और उसकी निशानदेही पर ही खेत से शव बरामद हुआ है।

एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शिवा और आरोपियों के बीच पहले दोस्ती थी, लेकिन किसी पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने शिवा को बहाने से खेत में बुलाया जहां उसकी हत्या कर दी और शव वहीं फेंककर फरार हो गए। शिवा मजदूरी करता था और तीन बहनों का इकलौता भाई था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर तीन युवकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। वहीं हाईवे जाम, लाठीचार्ज और पथराव की घटना की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts