सहारनपुर : पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की सहारनपुर स्थित करेंसी चेस्ट से 17.29 करोड़ रुपये मूल्य की नकली करेंसी मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई की है। NIA ने मामले में फरार चल रहे बैंक मैनेजर अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। अमित कुमार इस मामले में FIR में नामजद प्रमुख आरोपियों में शामिल बताया जा रहा है।
एजेंसी के मुताबिक, करेंसी चेस्ट में नकली नोट पहुंचाने की कथित साजिश में उसकी अहम भूमिका सामने आई है। यह कार्रवाई RC-02/2026/NIA/LKW मामले में की गई है। NIA ने सोमवार, 7 सितंबर को अमित कुमार की गिरफ्तारी की जानकारी जारी की। एजेंसी के अनुसार मामले की जांच अभी जारी है और नकली करेंसी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के साथ अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
NIA द्वारा प्रेस रिलीज के मुताबिक 29 अगस्त 2026 को सहारनपुर के सदर बाजार थाना पुलिस को PNB की करेंसी चेस्ट में बड़ी मात्रा में नकली करेंसी होने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान करेंसी चेस्ट से कुल 17.29 करोड़ रुपये के नकली नोट बरामद होने की बात सामने आई थी। मामले की शुरुआती जांच में बैंक के तीन कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई थी। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने तीनों कर्मचारियों को निलंबित कर दिया था।
इस मामले में सदर बाजार थाने में FIR संख्या 0431/2026 दर्ज की गई थी। मुकदमा 29 अगस्त को भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 178 के तहत तीन आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया गया था। बाद में मामले की गंभीरता को देखते हुए NIA ने जांच अपने हाथ में ले ली। एजेंसी ने 3 सितंबर 2026 को केस को री-रजिस्टर कर जांच शुरू की। जांच के दौरान अमित कुमार का नाम प्रमुख आरोपी के रूप में सामने आया। NIA के अनुसार वह गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था। एजेंसी ने उसकी तलाश शुरू की और अब उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
NIA अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकली नोट बैंक की करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंचे। इसमें बैंक कर्मचारियों की क्या भूमिका थी और इस नेटवर्क में बाहर के कौन-कौन लोग शामिल हैं। एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि नकली नोटों को बैंकिंग सिस्टम में खपाने या असली करेंसी के साथ मिलाने की कोई सुनियोजित कोशिश तो नहीं की गई थी। अमित कुमार की गिरफ्तारी के बाद NIA को इस मामले की कड़ियां जोड़ने में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।

