शामली में खेतों के ऊपर संदिग्ध ड्रोन से मचा हड़कंप, किसानों को नलकूपों की रेकी का डर

Suspicious Drone Spotted in Shamli

शामली : थाना आदर्शमंडी क्षेत्र के गांव गोहरपुर के जंगल में गुरुवार सुबह खेतों के ऊपर संदिग्ध ड्रोन उड़ता दिखाई देने से किसानों में हड़कंप मच गया। खेतों में काम कर रहे किसानों ने ड्रोन को काफी देर तक आसमान में उड़ते देखा। क्षेत्र में बड़ी संख्या में नलकूप होने के कारण किसानों ने आशंका जताई कि कोई शातिर व्यक्ति ड्रोन के माध्यम से नलकूपों की रेकी कर रहा हो सकता है। हालांकि, ड्रोन के बारे में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

किसानों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में गांव और आसपास के जंगलों में स्थित नलकूपों पर चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। चोर नलकूपों से बिजली के स्टार्टर, केबल, कटआउट और अन्य सामान चोरी कर ले गए। ऐसे में खेतों के ऊपर संदिग्ध ड्रोन दिखाई देने के बाद किसानों को फिर से नलकूपों पर चोरी होने का डर सताने लगा है।

थाना आदर्शमंडी क्षेत्र के बनत निवासी किसान जयवीर ने बताया कि गुरुवार सुबह वह खेतों में काम कर रहे थे। इसी दौरान खेतों के ऊपर एक ड्रोन उड़ता हुआ दिखाई दिया। उनके मुताबिक इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में नलकूप हैं और पहले भी यहां चोरी की घटनाएं होती रही हैं। ऐसे में आशंका है कि कोई व्यक्ति ड्रोन के जरिए नलकूपों की स्थिति और आसपास के इलाकों की निगरानी कर रहा हो।

जयवीर के अनुसार बीते महीनों में क्षेत्र के करीब 100 नलकूपों पर चोरी की वारदात हो चुकी हैं। इन मामलों में किसानों की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बावजूद नलकूपों से चोरी की घटनाएं पूरी तरह बंद नहीं हुई हैं। अब संदिग्ध ड्रोन दिखाई देने से किसानों की चिंता और बढ़ गई है।

मामले की जानकारी मिलने पर शामली के एसडीएम सचिन राजपूत ने पुलिस को सूचना देने के साथ लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि तहसील क्षेत्र में प्रशासन की ओर से किसी भी प्रकार का ड्रोन सर्वेक्षण नहीं कराया जा रहा है।

एसडीएम ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को संदिग्ध ड्रोन उड़ता हुआ दिखाई देता है तो वह तत्काल स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दे। साथ ही किसानों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की गई है।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन संदिग्ध ड्रोन को लेकर जानकारी जुटा रहे हैं। ड्रोन किसने उड़ाया और उसका उद्देश्य क्या था, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वहीं, किसानों ने नलकूपों की सुरक्षा को लेकर पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts