सहारनपुर महिला अस्पताल से नवजात चोरी, टीका लगवाने के बहाने पिता से बच्चा लेकर फरार हुई संदिग्ध महिला

Suspect woman fled with the baby after taking him from the father

सहारनपुर : जिला महिला अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए सोमवार को एक नवजात शिशु चोरी हो गया। टीका लगवाने के लिए बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे पिता से एक संदिग्ध महिला ने बातचीत के बाद नवजात को अपनी गोद में ले लिया। इसके बाद महिला ने टीके का कार्ड लाने के बहाने पिता को वहां से भेज दिया। पिता जब कार्ड लेकर वापस लौटा तो महिला बच्चे को लेकर गायब हो चुकी थी। घटना के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

टीके के बहाने पिता को भेजा दूर

देहात कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरा कदीम निवासी नाजिम ने अपनी पत्नी शबाना को रविवार को प्रसव के लिए जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया था। रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे शबाना ने बेटे को जन्म दिया। सोमवार दोपहर नाजिम नवजात को टीका लगवाने के लिए ऑपरेशन थियेटर के पास पहुंचा था। इसी दौरान वहां मौजूद एक महिला ने उससे बातचीत शुरू की। आरोप है कि महिला ने बच्चे को टीका लगवाने की बात कहते हुए नवजात को नाजिम से ले लिया।

इसके बाद महिला ने नाजिम से टीके का कार्ड लाने के लिए कहा। नाजिम कार्ड लेने के लिए वहां से चला गया। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो महिला और नवजात दोनों वहां से गायब थे। नाजिम ने अस्पताल परिसर में महिला और बच्चे की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उसने अस्पताल प्रशासन को घटना की जानकारी दी।

सीसीटीवी में कैद हुई संदिग्ध महिला

सूचना मिलते ही जनकपुरी पुलिस अस्पताल पहुंची और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में सफेद कपड़े पहने एक महिला नवजात को गोद में लेकर अस्पताल से बाहर जाती दिखाई दे रही है।

पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला की पहचान करने में जुटी है। इसके साथ ही अस्पताल से बाहर निकलने वाले रास्तों और आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि महिला किस दिशा में गई, इसका पता लगाया जा सके।

अस्पताल की कर्मचारी नहीं है महिला

महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. इंद्रा सिंह ने बताया कि अस्पताल परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे चालू हैं और घटना से संबंधित फुटेज पुलिस को उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने बताया कि फुटेज में दिखाई दे रही महिला अस्पताल की कर्मचारी नहीं है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस नवजात को जल्द बरामद करने के लिए संभावित ठिकानों और रास्तों की भी जांच कर रही है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts