लखनऊ में झगड़े के बाद पति ने की आत्महत्या, गुस्से में पत्नी के मायके जाने पर हताश होकर उठाया कदम

लखनऊ : राजधानी के चिनहट थाना इलाके में मंगलवार को पत्नी से झगड़े के बाद पति के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। झगड़े के बाद पत्नी अपने मायके चली गई थी, और कुछ ही देर बाद पति ने आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, चिनहट का रहने वाला सुमित कुमार (20) पेशे से ड्राइवर था। मंगलवार शाम करीब 4 बजे उसका अपनी पत्नी कोमल से किसी बात पर झगड़ा हो गया। झगड़े के बाद उसकी पत्नी गुस्से में काकोरी में अपने मायके चली गई।

पुलिस के अनुसार, सुमित ने उसे रोकने और मनाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी। पत्नी के जाने के करीब चार घंटे बाद, रात 8 बजे, युवक ने आत्महत्या कर ली। जब उसकी बहन उसे खाना खाने के लिए बुलाने उसके कमरे में गई, तो अंदर का मंजर देखकर वह चीख पड़ी। इसके बाद परिवार के दूसरे लोग इकट्ठा हुए। युवक को तुरंत लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के बहनोई जीवन ने बताया कि सुमित के बड़े भाई सुभाष की दो साल पहले मूर्ति विसर्जन के दौरान मौत हो गई थी। भाई की मौत के बाद सुमित और उसकी भाभी कोमल की छह महीने पहले शादी हुई थी, लेकिन कुछ समय बाद उनके बीच छोटी-छोटी बातों पर झगड़े शुरू हो गए थे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts