सहारनपुर : थाना नकुड़ इलाके के कस्बा अंबेहटा में कारोबारी की 60 वर्षीय पत्नी पूनम मित्तल की दिनदहाड़े हुई निर्मम हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने पडोसी समेत 2 हत्यारों को गिरफ्तार किया है। पकडे गए आरोपियों के पास से आला क़त्ल और चोरी का सामान बरामद कर लिया है। पुलिस ने जहां पड़ोसी युवक को सर्विलांस की मदद से गिरफ्तार किया तो वहीँ उसके साथी को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका के पड़ोसी अंकुर गुप्ता ने अपने साथी सलमान के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी, लेकिन पहचान उजागर होने के डर से दोनों ने पूनम मित्तल की गला रेतकर हत्या कर दी।
एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि एक जून को अंबेहटा कस्बे में हुई इस सनसनीखेज वारदात के खुलासे के लिए छह टीमों का गठन किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और गहन पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। जांच में पता चला कि अंकुर गुप्ता मृतका का पड़ोसी था, जबकि उसका साथी सलमान पास के मोहल्ले में रहता है। सलमान पर काफी कर्ज था। दोनों ने मिलकर पूनम मित्तल के घर से नकदी और जेवरात चोरी करने की योजना बनाई। चूंकि पूनम मित्तल केवल परिचित लोगों के लिए ही दरवाजा खोलती थीं, इसलिए अंकुर ने एक चाल चली। उसने फोन कर कहा कि उसकी गेंद उनके घर में चली गई है। परिचित होने के कारण पूनम ने बिना किसी संदेह के गेट खोल दिया और दोनों आरोपियों को घर के अंदर प्रवेश मिल गया।
पुलिस के मुताबिक़ आरोपियों की मंशा शुरू में केवल चोरी करने की थी, लेकिन घर में घुसने के बाद अंकुर को लगा कि पूनम ने उसे पहचान लिया हैं। उसे डर था कि यदि वह जीवित रहीं तो पुलिस को उसके बारे में बता देंगी। इसी डर के चलते दोनों ने पूनम की हत्या का फैसला कर लिया। आरोपियों ने धारदार हथियार से पूनम मित्तल का गला रेत दिया और घर से सामान लूटकर फरार हो गए। एसएसपी ने बताया कि मामले में अंकुर गुप्ता को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी सलमान की तलाश की जा रही थी। गुरुवार को पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। जहां गिरफ्तारी से बचने के लिए सलमान ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने सलमान के कब्जे से मृतका का कान का कुंडल, हत्या में प्रयुक्त चाकू तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक अंकुर गुप्ता के खिलाफ पहले से चोरी और मारपीट के कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। गौरतलब है कि एक जून की शाम करीब 4 बजे कारोबारी संजय मित्तल को उनकी पत्नी के मोबाइल से कॉल आई थी, लेकिन दूसरी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। आशंका होने पर वह एक चिकित्सक के साथ घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर कमरे में पूनम मित्तल खून से लथपथ हालत में पड़ी थीं। चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। कमरे की अलमारी खुली हुई थी और कानों से कुंडल गायब थे, जिससे लूटपाट के दौरान हत्या की आशंका जताई गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया था। व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने बाजार बंद कर पुलिस से जल्द खुलासे की मांग की थी। अब पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस चर्चित हत्याकांड से पर्दा उठ गया है।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


