शामली : पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आतंक का पर्याय बन चुके 50 हजार का इनामी बदमाश शामली पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में ढेर हो गया। शुक्रवार तड़के हुई मुठभेड़ में 50 हजार के इनामी कुख्यात बदमाश मेहताब उर्फ बेचैन को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया। जबकि उसका साथी भागने में कामयाब हो गया। जिसकी तलाश में पुलिस संबंधित ठिकानों पर दबिश दे रहीं है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस के उपनिरीक्षक दीपचंद भी गोली लगने से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है। मारा गया बदमाश पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात मुकीम उर्फ काला गैंग का सक्रिय सदस्य और शार्प शूटर बताया जा रहा है। उसके खिलाफ हत्या, अपहरण, डकैती, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट समेत कुल 34 संगीन मुकदमे दर्ज थे।
डीआईजी सहारनपुर अभिषेक सिंह ने बताया कि मुठभेड़ कांधला थाना क्षेत्र के खंद्रावली के जंगल में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि बाइक सवार दो बदमाश बाबरी और आदर्श मंडी थाना क्षेत्रों में एक वारदात को अंजाम देकर फरार हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी शुरू कर दी। पीछा करते हुए पुलिस कांधला क्षेत्र पहुंची, जहां दोनों बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें एक बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि उसका दूसरा साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। मुठभेड़ में उपनिरीक्षक दीपचंद भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान बदमाश मेहताब उर्फ बेचैन की मौत हो गई।
घटनास्थल से पुलिस ने एक 9 एमएम की देसी कारबाइन, एक पिस्टल और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस का मानना है कि बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
SP शामली नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान मेहताब पुत्र मंजूरा उर्फ बेचैन निवासी मोहल्ला आलकला, थाना कैराना, जनपद शामली के रूप में हुई है। वह पिछले कई महीनों से फरार चल रहा था और वर्तमान में सहारनपुर जिले में रह रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 4 मई 2026 को सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार कांबिंग अभियान चला रही हैं।
अपराध की दुनिया में लंबा इतिहास
मेहताब का आपराधिक रिकॉर्ड करीब 17 वर्षों तक फैला हुआ था। वर्ष 2009 में उसके खिलाफ पहला हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ। इसके बाद उसने हत्या, डकैती, अपहरण, रंगदारी, लूट, अवैध हथियारों की तस्करी और गैंगस्टर एक्ट जैसे मामलों में लगातार अपराध किए।
उसके खिलाफ दर्ज प्रमुख मुकदमों में शामिल हैं—
हत्या (302 IPC) और आर्म्स एक्ट – थाना कांधला (2009)
चोरी, गुण्डा एक्ट और शांति भंग के कई मामले – थाना कैराना (2009-10)
लूट, रंगदारी, हत्या के प्रयास, डकैती और पुलिस पर हमला – वर्ष 2015-16 के दौरान कैराना व झिंझाना थानों में कई मुकदमे
364A (फिरौती के लिए अपहरण) का मुकदमा – थाना कैराना
गैंगस्टर एक्ट के दो अलग-अलग मुकदमे – कैराना और झिंझाना
एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा – कोतवाली देहात, सहारनपुर (2024)
हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और संगठित अपराध से जुड़े मुकदमे – गागलहेड़ी, सहारनपुर (2025)
वर्ष 2026 में आदर्श मंडी और कांधला थानों में बीएनएस की गंभीर धाराओं में नए मुकदमे दर्ज हुए।
इसके अलावा उसके खिलाफ सरसावा, तीतरो, गंगोह, देवबंद, झिंझाना, कैराना, कांधला, गागलहेड़ी, कोतवाली शामली और आदर्श मंडी समेत कई थानों में कुल 34 मुकदमे दर्ज थे।
मुकीम काला गैंग का सक्रिय शार्प शूटर
पुलिस के अनुसार मेहताब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात मुकीम उर्फ काला गैंग का सक्रिय सदस्य था। यह गैंग हत्या, रंगदारी, डकैती और संगठित अपराध की कई बड़ी घटनाओं में शामिल रहा है। मेहताब गैंग के लिए हथियारों के बल पर वारदातों को अंजाम देता था और लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था।
पुलिस की कार्रवाई जारी
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में शामिल दूसरे बदमाश की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। जंगल और आसपास के इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मेहताब उर्फ बेचैन का आपराधिक इतिहास (क्रमवार)
2009 – हत्या (302), 120B IPC – थाना कांधला, शामली
2009 – 25 आर्म्स एक्ट – थाना कांधला
2009 – चोरी (379 IPC) – थाना कैराना
2010 – उत्तर प्रदेश गुण्डा अधिनियम – थाना कैराना
2010 – 110G CrPC – थाना कैराना
2016 – लूट (392 IPC) – थाना कैराना
2016 – 174A IPC – थाना झिंझाना
2016 – आर्म्स एक्ट – थाना झिंझाना
2016 – रंगदारी (386), 120B – थाना कैराना
2016 – मारपीट, रंगदारी, धमकी – थाना कैराना
2016 – पुलिस पर हमला, हत्या का प्रयास – थाना कैराना
2016 – डकैती (395), घर में घुसकर वारदात – थाना कैराना
2016 – 3/25 आर्म्स एक्ट – थाना कैराना
2016 – गैंगस्टर एक्ट – थाना कैराना
2016 – लूट व चोरी का माल बरामद – थाना कैराना
2016 – रंगदारी व साजिश – थाना कैराना
2016 – डकैती, चोरी – थाना कैराना
2016 – डकैती (395/397) – थाना झिंझाना
2016 – लूट – थाना झिंझाना
2016 – आर्म्स एक्ट – थाना झिंझाना
2016 – गैंगस्टर एक्ट – थाना झिंझाना
2026 – बीएनएस की गंभीर धाराएं – कोतवाली शामली
2016 – फिरौती के लिए अपहरण (364A) – थाना कैराना
2024 – एनडीपीएस एक्ट – कोतवाली देहात, सहारनपुर
2016 – हत्या का प्रयास, धोखाधड़ी – थाना सरसावा
2015 – 25 आर्म्स एक्ट – थाना तीतरो
2015 – हत्या का प्रयास – थाना तीतरो
2025 – बीएनएस व आर्म्स एक्ट – थाना गागलहेड़ी
2025 – संगठित अपराध व आर्म्स एक्ट – थाना गागलहेड़ी
2016 – अवैध बंधक, चोरी, आत्महत्या के लिए उकसाना – थाना गंगोह
2016 – चोरी व अन्य धाराएं – थाना गंगोह
2016 – डकैती व साजिश – थाना देवबंद
2026 – बीएनएस – थाना आदर्श मंडी, शामली
2026 – बीएनएस – थाना कांधला, शामली।

