हरियाणा बनेगा ईवी और ऑटोमोबाइल विनिर्माण का वैश्विक हब : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

Chief Minister Nayab Singh Saini
चंडीगढ़ : नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश को इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) और ऑटोमोबाइल विनिर्माण का वैश्विक हब बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य के तहत नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में उद्योग प्रतिनिधियों और निवेशकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्य में निवेश की संभावनाओं और औद्योगिक विकास को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में देश-विदेश की कई कंपनियों और निवेशकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान वैश्विक ईवी निर्माता कंपनी VinFast ने भी अपना प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया। कंपनी ने हरियाणा में इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग से जुड़ी संभावनाओं, नई तकनीकों और निवेश योजनाओं की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने कंपनी के अधिकारियों से बातचीत करते हुए हरियाणा में निवेश करने का आग्रह किया और राज्य सरकार की उद्योग हितैषी नीतियों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा पहले से ही देश के प्रमुख ऑटोमोबाइल विनिर्माण केंद्रों में शामिल है और अब सरकार ईवी सेक्टर में भी राज्य को अग्रणी बनाने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार निवेशकों को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, तेज़ मंजूरी प्रक्रिया, मजबूत सड़क और लॉजिस्टिक नेटवर्क तथा उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध करा रही है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कंपनी के सीईओ और एमडी के साथ इलेक्ट्रिक वाहन का निरीक्षण भी किया। उन्होंने आधुनिक तकनीक और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि ईवी सेक्टर भविष्य की आवश्यकता है। इससे न केवल प्रदूषण कम होगा, बल्कि ऊर्जा संरक्षण और हरित विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हरियाणा में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित करना और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। ईवी और ऑटोमोबाइल क्षेत्र में बढ़ते निवेश से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और हरियाणा देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी औद्योगिक पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योग जगत के साथ मिलकर हरियाणा को आधुनिक तकनीक और नवाचार का केंद्र बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।#Haryana #DIPRHaryana

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts