सहारनपुर : UP ATS ने सहारनपुर से एक व्यक्ति को संदिग्ध गतिविधियों के आरोप में हिरासत में लिया है। आरोपी की पहचान मुफ्ती जाकिर के रूप में हुई है, जिसे यूपी Anti-Terrorism Squad ने कार्रवाई करते हुए PM मोदी के दौरे से पहले गिरफ्तार किया है। प्रधानमंत्री मोदी 14 अप्रैल को दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करने सहारनपुर आने वाले हैं। ATS के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के पाकिस्तान स्थित कुछ संदिग्ध व्यक्तियों से संपर्क होने के सबूत मिले हैं। इसके अलावा वह सोशल मीडिया के जरिए आपत्तिजनक और भड़काऊ सामग्री साझा करता था। जिससे सांप्रदायिक तनाव फैलने की आशंका जताई जा रही है।
खुफिया इनपुट मिलने के बाद ATS ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया। ATS की टीम पकड़े गए आरोपी को एक गुप्त स्थान पर रखकर उससे गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसका नेटवर्क कितना व्यापक है और वह किन-किन लोगों के संपर्क में था। इसके साथ ही उसके मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट्स और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की भी बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि पूरे मामले की गहराई तक पहुंचा जा सके।
ATS अधिकारियों का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू पर गंभीरता से जांच की जा रही है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय पुलिस और खुफिया एजेंसियां भी ATS के साथ मिलकर काम कर रही हैं। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ा दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

