मेरठ : मेरठ के रहने वाले मेजर शुभम सैनी की उत्तराखंड के देहरादून में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। उनकी कार बेकाबू होकर एक गहरी खाई में गिर गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मेजर शुभम सैनी मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के घसौली गांव के रहने वाले थे। मेजर शुभम सैनी फिलहाल उत्तराखंड के चकराता में तैनात थे।
आपको बता दें कि शनिवार को देहरादून-चकराता रोड पर उनकी कार अचानक बेकाबू हो गई और खाई में गिर गई। हादसे में उनकी दुखद मौत हो गई। इस घटना की जानकारी आर्मी ने परिवार को दी। देर रात मिली इस खबर से परिवार में गहरा दुख छा गया। परिवार के लोग तुरंत उत्तराखंड के लिए रवाना हो गए। शुभम सैनी 2015 में आर्मी में शामिल हुए थे।
आर्मी स्कूल से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद उनका सिलेक्शन नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) में हुआ था। उन्होंने पुणे में तीन साल की ट्रेनिंग ली थी। उनकी पहली पोस्टिंग पंजाब के बठिंडा में हुई थी। यह चकराता में उनकी दूसरी पोस्टिंग थी। मेजर शुभम के पिता सत्येंद्र सैनी भी आर्मी में थे और सूबेदार के पद से रिटायर हुए थे।
उन्होंने बताया कि शुभम आर्मी में लेफ्टिनेंट के तौर पर कमीशन हुए थे और बाद में मेजर के पद पर प्रमोट हुए। शुभम अविवाहित थे। उनके पिता सत्येंद्र ने बताया कि उन्होंने हादसे से पहले दोपहर में अपने बेटे से बात की थी। शुभम के बड़े भाई तुषार नोएडा की एक सॉफ्टवेयर कंपनी में इंजीनियर हैं। उनकी बहन आर्मी स्कूल में पढ़ाती हैं। मेजर शुभम सैनी का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में किया जाएगा।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


