सहारनपुर : कोतवाली मंडी क्षेत्र की हयात कॉलोनी में सोमवार शाम एक 66 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने उसके घर में रह रहे दामाद पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद आरोपी दामाद मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
आपको बता दें कि कोतवाली मंडी इलाके की हयात कॉलोनी निवासी 66 वर्षीय इरशाद के घर उनकी बेटी शबाना और उसका पति जुबैर भी रहते थे। बताया गया है कि जुबैर मूल रूप से बाल्लेवाली का रहने वाला है और ट्रक चलाने का काम करता है। परिजनों के मुताबिक मकान के एक हिस्से को लेकर इरशाद और जुबैर के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। मृतक की बेटी शबाना का आरोप है कि उसके पिता ने मकान का हिस्सा उसके और उसके पति के नाम किया था। जुबैर ने अपने हिस्से को किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया।
इसी बात को लेकर करीब एक सप्ताह पहले इरशाद और जुबैर के बीच कहासुनी हुई थी। उस समय परिवार के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। बेटी शबाना ने बताया कि सोमवार शाम जुबैर दोबारा घर पहुंचा। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसके और इरशाद के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर जुबैर ने इरशाद के साथ धक्का-मुक्की की और उनके सीने पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। मारपीट के बाद इरशाद की हालत बिगड़ गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख जुबैर वहां से फरार हो गया।
इसके बाद परिजन और पड़ोसी इरशाद को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर जाने लगे, लेकिन बीच रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। शबाना ने अपने पति जुबैर पर पिता की हत्या करने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि वे चार बहनें हैं। तीन बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि वह और उसकी छोटी बहन पिता के साथ इसी मकान में रहती थीं। अन्य दोनों बहनें अपने परिवार के साथ अलग रहती हैं।
हालांकि, पुलिस अधिकारी फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं कर रहे हैं।
सीओ रविकांत पाराशर के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में इरशाद की मृत्यु बीमारी के कारण होने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि पुलिस को अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बुजुर्ग की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद से फरार बताए जा रहे दामाद की तलाश भी की जा रही है।