अमेठी : उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एक दर्दनाक हादसे में मां और बेटे की तालाब में डूबने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब तालाब में गई भैंस को निकालने के लिए बेटा पानी में उतरा था। पानी अधिक होने के कारण वह गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। बेटे को डूबता देख मां भी उसे बचाने के लिए तालाब में कूद गईं। इसी दौरान दोनों पानी में डूब गए। हादसे में परिवार के एक अन्य बेटे की जान भी खतरे में पड़ गई थी, लेकिन मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना अमेठी थाना क्षेत्र के नुवावा गांव की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, गांव निवासी रमेश विश्वकर्मा की पत्नी गीता विश्वकर्मा (40) अपने बड़े बेटे दीपक (19) के साथ गांव के बाहर भैंस चराने गई थीं। इसी दौरान भैंस तालाब के पानी में चली गई। उसे बाहर निकालने के लिए दीपक तालाब में उतर गया। बताया जा रहा है कि तालाब में पानी अधिक था और गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण दीपक अचानक डूबने लगा।
बेटे को पानी में डूबता देखकर उसकी मां गीता ने बिना देर किए उसे बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी। देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इसी बीच उनका 14 वर्षीय छोटा बेटा आदर्श भी मां और भाई को बचाने के लिए तालाब में उतर गया। वह भी पानी में डूबने लगा।
तीनों को डूबता देखकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। ग्रामीणों ने किसी तरह तीनों को तालाब से बाहर निकाला। आदर्श को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन गीता और दीपक को जब बाहर निकाला गया, तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी। दोनों को निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाला दीपक दिव्यांग था। परिवार में तीन भाई हैं। दीपक सबसे बड़ा था, जबकि दूसरा भाई पंकज करीब दो महीने पहले रोजगार के सिलसिले में अहमदाबाद गया है। वहीं, सबसे छोटा भाई आदर्श इस हादसे में बाल-बाल बच गया। परिवार की एक बहन अंजली की शादी हो चुकी है।
एक ही परिवार में मां और बेटे की मौत की खबर से गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीएचसी अधीक्षक सौरभ सिंह ने बताया कि दोनों की मौत तालाब में डूबने के कारण हुई है। घटना की जानकारी पुलिस को भेज दी गई है। वहीं, अमेठी थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीराम पांडेय ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

