सहारनपुर : जनपद में अपराध और गौकशी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फतेहपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक शातिर गौकश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, गौकशी के उपकरण और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
आपको बता दें कि शनिवार देर रात थाना फतेहपुर प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा अपनी टीम के साथ ग्राम सबरीपुर जाने वाले नदी मार्ग पर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें टॉर्च की रोशनी दिखाकर रुकने का संकेत दिया, लेकिन दोनों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और मोटरसाइकिल मोड़कर कच्चे रास्ते से भागने लगे। कुछ दूरी पर उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई, जिसके बाद दोनों पैदल भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। इस दौरान बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ईनाम पुत्र बाबू निवासी ग्राम खुजनावर, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर में भर्ती कराया गया। वहीं उसका साथी अनीस पुत्र नसीम उर्फ बेला निवासी ग्राम खुजनावर अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है। सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक रस्सी, तीन छुरे, एक कुल्हाड़ी, एक लकड़ी का गुटका तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान का उपयोग गौकशी की घटनाओं में किया जाता था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ईनाम एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में गौकशी, गुंडा एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त बताया जा रहा है। थाना फतेहपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

