चाय पीते समय हुआ विवाद, राम बहादुर ने राजेश पर चाकू से हमला कर दिया, तड़प-तड़प कर हो गई मौत

अमेठी : अमेठी के जामो थाना क्षेत्र के पूरे पंचम चितई का पुरवा गाँव में बीते शुक्रवार को एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

बताया गया कि जामो थाना क्षेत्र के पूरे पंचम चितई का पुरवा निवासी राजेश कुमार (40) पुत्र जगमोहन शुक्रवार सुबह गाँव के पास चितई चौराहे पर गया था। जहाँ चाय पीते समय उसकी राम बहादुर से कहासुनी हो गई और विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान राम बहादुर ने राजेश पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया और वहीं तड़प-तड़प कर उसकी मौत हो गई।

हालाँकि, दुकान पर मौजूद लोगों की सूचना पर परिवार के लोग उसे ट्रामा सेंटर जगदीशपुर ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राजेश के बड़े बेटे अजीत के अनुसार, राजेश और आरोपी राम बहादुर के बीच पाँच दिन पहले भी कहासुनी हुई थी। इस दौरान राम बहादुर ने राजेश को जान से मारने की धमकी दी थी।

हत्या की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से घटना और आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि राजेश की माँ रमजानी ने राम बहादुर के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले के सभी तथ्यों की जाँच की जा रही है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts