एक प्रेम कथा का अंत , शराब और शक ने परिवार को उजाड़ा

लखीमपुर खीरी: शनिवार को सदर थाना इलाके में एक पति ने अपनी बेटी के सामने ही अपनी पत्नी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। आरोपी पति को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

कांशीराम कॉलोनी में रहने वाले अंशुल श्रीवास्तव ने अपनी पत्नी खुशबू श्रीवास्तव की बेरहमी से हत्या कर दी। खुशबू और अंशुल ने करीब 14 साल पहले प्रेम विवाह किया था। अंशुल रोडवेज में कॉन्ट्रैक्ट ड्राइवर था।

अंशुल की बेटी महक श्रीवास्तव ने बताया, “मेरी मां की मेरे पिता से किसी दूसरे आदमी से फोन पर बात करने को लेकर बहस होती थी। उनके बीच झगड़ा इतना बढ़ गया था कि वे अलग रह रहे थे। शनिवार को मेरी मां के मामा उन्हें अपने साथ ले जाने के लिए घर आए, लेकिन उन्होंने उनके साथ जाने से मना कर दिया। इसके बाद मामा वापस लौट गए।”

मामा के जाने के थोड़ी देर बाद मेरे पिता घर लौट आए और दोनों के बीच फिर से बहस शुरू हो गई। बहस बढ़ने पर मेरे पिता ने मेरी मां पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू से उनका गला रेत दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी अंशुल श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही है। जांच में पता चला कि अंशुल शराबी था। वह अक्सर शराब पीकर घर आता था और अपनी पत्नी से झगड़ा करता था।

इंचार्ज इंस्पेक्टर ने बताया कि खुशबू ने अंशुल को शराब पीने से मना किया था, जिससे दोनों के बीच लंबे समय से झगड़ा चल रहा था। फिलहाल अवैध संबंध की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts