मानवता फिर हुई शर्मशार ; वृद्धा को सड़क किनारे फेंकने की तस्वीर हुई वायरल, आहत वृद्धा की हुई मौत

अयोध्या: अयोध्या ( रामनगरी ) में मानवता और रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली बेहद ही दुखद घटना देखने को मिली है। सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वृद्धा को सड़क किनारे फेंकने की तस्वीर वायरल होने के बाद हर कोई परिजनों को कोस रहा है। वहीं, मामला पुलिस के संज्ञान में आने के बाद वृद्धा को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां वृद्धा की मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस वृद्धा को सड़क किनारे फेंकने वाले परिजनों की तलाश में जुट गई है।

बताया गया कि बीती रात करीब 1:00 बजे अयोध्या नगर के कोतवाली थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव के पास ई-रिक्शा से उतरे एक युवक और युवती वृद्धा को बिस्तर समेत सड़क किनारे छोड़कर चले गए। यह घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में ई-रिक्शा सड़क किनारे खड़ा दिखाई दिया। इसके अलावा युवक और युवती वृद्धा को बिस्तर समेत सड़क किनारे लिटाकर चादर से ढक देते हैं। इसी बीच दूसरी महिला चादर हटाकर वृद्धा का चेहरा देखती है और चली जाती है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और वृद्धा को दर्शन नगर स्थित मेडिकल कॉलेज ले गई। जहाँ इलाज के दौरान वृद्धा की मौत हो गई। वृद्धा के गले में कोई संक्रामक रोग था, जिससे उसके गले में गंभीर घाव हो गया था।

अयोध्या कोतवाली निरीक्षक मनोज कुमार के अनुसार, सीसीटीवी कैमरे में दिख रही महिलाओं और युवक की पहचान के लिए टीम गठित कर दी गई है। पहचान होने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वृद्धा की भी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts