गोरखपुर : गोरखपुर एयरपोर्ट पर ड्यूटी पर तैनात डिफेंस सिक्योरिटी कोर (डीएससी) के एक जवान ने गुरुवार को आत्महत्या कर ली। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया पारिवारिक कलह को इसका कारण माना जा रहा है।
घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है, जब एयरपोर्ट के रनवे क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात जवान जितेंद्र सिंह (49) ने अचानक आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज सुनकर आसपास तैनात अन्य सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया। मेडिकल टीम को बुलाया गया, लेकिन तब तक जवान की मौत हो चुकी थी। जितेंद्र सिंह मूल रूप से बिहार के छपरा जिला अंतर्गत मटेर थाना क्षेत्र के अंकोल गांव के निवासी थे। जितेंद्र भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद डीएससी के माध्यम से गोरखपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। वह वर्तमान में गोरखपुर के झरना टोला इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे।
सहकर्मियों के अनुसार, जितेंद्र सिंह अपने शांत स्वभाव, अनुशासित जीवनशैली और ईमानदार समर्पण के लिए जाने जाते थे। उनकी आत्महत्या ने सभी को झकझोर दिया है। यह मामला घरेलू कलह या मानसिक तनाव से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस इस संबंध में हर पहलू की जाँच कर रही है। पुलिस ने परिवार को सूचित कर दिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार है।
पुलिस के अनुसार, मामले की जाँच की जा रही है और परिवार से बात करने के बाद ही असली कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल, किसी सुसाइड नोट की पुष्टि नहीं हुई है। आपको बता दें कि रक्षा सुरक्षा कोर (DSC) के अंतर्गत देश के विभिन्न हवाई अड्डों, रक्षा प्रतिष्ठानों और महत्वपूर्ण इमारतों की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी सेना से सेवानिवृत्त सैनिकों को दी जाती है। जितेंद्र सिंह भी ऐसे ही एक सैनिक थे, जो सेवानिवृत्ति के बाद सेवा में वापस आकर राष्ट्रहित में अपना योगदान दे रहे थे।

