उत्तर प्रदेश में विधानसभा और विधान परिषद के सदस्यों के वेतन और भत्तों में की गई बढ़ोतरी

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में विधानसभा और विधान परिषद के सदस्यों यानी विधायकों के वेतन और भत्तों में बढ़ोतरी की गई है। यूपी विधानसभा के मानसून सत्र के आखिरी दिन संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने वेतन और भत्तों में बढ़ोतरी से जुड़ा प्रस्ताव पेश किया, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। इस संशोधन के तहत विधायकों का मासिक वेतन 25,000 रुपये से बढ़ाकर 35,000 रुपये और मंत्रियों का वेतन 40,000 रुपये से बढ़ाकर 50,000 रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा कई अन्य भत्तों में भी बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई है।

इस फैसले से राज्य सरकार पर प्रति वर्ष 105 करोड़ 21 लाख 63 हजार रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा। गुरुवार को यूपी विधानसभा में इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा हुई, जिसके बाद संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने “मंत्री सुविधा विधेयक” का प्रस्ताव रखा। इसे विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने पारित कर दिया। अगस्त 2016 के बाद पहली बार यह मानदेय वृद्धि की गई है। विधानसभा समिति ने विधायकों और मंत्रियों के वेतन के साथ-साथ पूर्व विधायकों की पेंशन और भत्ते बढ़ाने के प्रस्ताव पर अपनी सहमति दे दी।

इस संशोधन में यात्रा भत्ता, आवास भत्ता और अन्य सुविधाएँ भी शामिल हैं, जिससे जनप्रतिनिधियों को बेहतर ढंग से काम करने में मदद मिलेगी। संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने जनप्रतिनिधियों की ज़िम्मेदारियों और बढ़ती महंगाई को देखते हुए इस फैसले को ज़रूरी बताया। उन्होंने कहा कि इस कदम से विधायकों और मंत्रियों को अपनी ज़िम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने में मदद मिलेगी।

पूर्व विधायकों-मंत्रियों की पेंशन भी बढ़ी: खन्ना ने बताया कि विधान परिषद सदस्य को 6 साल पूरे होने पर 2 हज़ार प्रति माह अतिरिक्त पेंशन दी जाएगी। पहले साल के बाद 2 हज़ार प्रति वर्ष बढ़ते रहेंगे। अगर किसी का कार्यकाल 6 महीने या उससे ज़्यादा है, तो उसे पूरा एक साल माना जाएगा। वहीं, पारिवारिक पेंशन जो अब तक 25 हज़ार रुपये थी, उसे बढ़ाकर 30 हज़ार कर दिया गया है।

पूर्व विधायकों को पहले 1 लाख रुपये प्रति वर्ष का रेलवे कूपन मिलता था। अब इसे एक लाख रुपये की बजाय डेढ़ लाख रुपये कर दिया गया है। इसमें रेल और हवाई यात्रा के लिए 50,000 रुपये और निजी वाहनों के पेट्रोल-डीज़ल के लिए एक लाख रुपये शामिल होंगे। अगर ये बचे रहेंगे, तो इन्हें परिवर्तनीय बनाया जा सकेगा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts