सुल्तानपुर : सुल्तानपुर में भदैया इलाके के जादीपुर गाँव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब शुक्रवार रात करीब 9 बजे ग्रामीणों ने एक महुआ के पेड़ पर रोशनी चमकती देखी। ग्रामीणों में अफवाह फैल गई कि कोई असामाजिक तत्व ड्रोन उड़ा रहा है। ड्रोन देख कर पुरे गाँव में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीण लाठी-डंडे लेकरन सिर्फ मौके पर पहुँच गए बल्कि अपने अपने मोहल्ले में पहरा देने लगे।
ग्रामीणों में इस कदर दहशत फ़ैल गई कि पुलिस को बुलाना पड़ा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीण पेड़ पर चढ़ गए। जब उन्होंने चमकती हुई वस्तु के पास जाकर देखा तो वह ड्रोन नहीं, बल्कि बैटरी और तार से जुड़ा खिलौनों में लगने वाला एक छोटा सा बल्ब निकला। जिसे देखकर ग्रामीण और पुलिस हैरान रह गई। पुलिसकर्मी बल्ब, उससे जुड़ा तार और बैटरी को कोतवाली देहात ले गए।
कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक अखंडदेव मिश्रा ने बताया कि पेड़ पर एक छोटा बल्ब मिला है। यह किसी अराजकतत्व की हरकत है। ड्रोन की अफवाह फैली थी। लोगों से अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की जा रही है।

