चंडीगढ़ : पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से कुल 255.86 ग्राम हेरोइन, एक पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त हेरोइन की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में सबसे चर्चित नाम बलजीत सिंह उर्फ बाबा (55) का है। यह वही गैंगस्टर है जो पहले दोहरे हत्याकांड और नायब तहसीलदार की हत्या जैसे संगीन मामलों में शामिल रहा है। बाबा ने जेल में रहते हुए गैंगस्टर जसमीत उर्फ लकी के साथ मिलकर ड्रग नेटवर्क स्थापित किया था। लकी फिलहाल अमेरिका में गिरफ्तार है।
बी.टेक पास मंदीप, बेरोजगारी के चलते बना तस्कर: एक अन्य आरोपी मंदीप सिंह उर्फ मंडी है, जो कंप्यूटर साइंस में बी.टेक करने के बाद नौकरी नहीं ढूंढ पाया। धीरे-धीरे वह नशे की गिरफ्त में आ गया और बाबा के संपर्क में आकर इस अवैध धंधे में लग गया।
यह पूरी कार्रवाई डीएसपी धीरज कुमार की निगरानी में क्राइम ब्रांच की टीम ने अंजाम दी। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बाबा को सेक्टर-43 बस स्टैंड से गिरफ्तार किया। उसके पास से 109.86 ग्राम हेरोइन, एक देसी पिस्तौल और कारतूस मिले।
बाबा से पूछताछ के बाद उसके दो साथी परविंदर पाल सिंह मिड्ढा और मंदीप सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मिड्ढा के पास से 121 ग्राम हेरोइन और एक स्विफ्ट कार बरामद की। इसके अलावा मंदीप के पास से 25 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। कुल मिलाकर पुलिस ने तीनों के पास से भारी मात्रा में हेरोइन, हथियार और वाहन बरामद किए हैं।

