सहारनपुर : एक ओर जहां यमुना नदी में आई बाढ़ को देखते हुए जिला प्रशासन व्यस्त है वहीं इसी का फायदा उठा कर खनन माफिया यमुना नदी में अवैध खनन करने में मस्त है। बरथा कोरसी गाँव के पास यमुना नदी में अवैध खनन को अंजाम दिया जा रहा है। खनन माफिया द्वारा उप-खनिज आरबीएम के अवैध खनन के वीडियो और फ़ोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुए तो जिला प्रशासन हरकत में आया और आनन फानन में खनन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध खनन की जांच बैठा दी। जब इसकी जाँच की तो पाया कि मौके पर 2216 घन मीटर अवैध खनन किया गया है। इसमें खनन निरीक्षक ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आपको बता दें कि पहाड़ों और मैदानी इलाकों में लगातार हो रही बारिश के चलते यमुना नदी में बाढ़ के हालात बने हुए हैं। जिला प्रशासन यमुना किनारे के बाढ़ प्रभावित इलाकों पर निगरानी रखे हुए है। प्रसासन की व्यस्तता का फायदा उठा कर खनन माफिया यमुना नदी में अवैध खनन कर रहे हैं। 29 अगस्त को बरथा कोरसी गाँव के पास यमुना नदी की भूमि से अवैध खनन के फ़ोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए थे। इनके वायरल होने के बाद, डीएम ने इसकी जाँच के लिए खनन और राजस्व विभाग की एक टीम गठित की।

