लाल किले से एक करोड़ का कलश चोरी, दिल्ली पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, सोने का कलश बरामद

नई दिल्ली : लाल किला परिसर से चोरी हुए एक करोड़ रुपये के कलश के मामले में एक बड़ी सफलता मिली है। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की टीम ने रविवार देर रात हापुड़ के ग्रामीण इलाके वैशाली कॉलोनी से आरोपी भारत भूषण को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी हुआ सोने का कलश भी बरामद कर लिया गया है।

आपको बता दें कि यह घटना 3 सितंबर को सुबह 9.20 से 10.00 बजे के बीच हुई थी। लाल किला के 15 अगस्त पार्क स्थित जैन धार्मिक पंडाल से सोने का रत्नजड़ित कलश चोरी हो गया था। शिकायतकर्ता सुधीर कुमार जैन ने एफआईआर में बताया था कि भीड़ के दौरान मंच से कलश गायब हो गया था। चोरी हुए सामान में एक बड़ा सोने का कलश और नारियल (कुल वजन लगभग 760 ग्राम) और हीरे, माणिक और पन्ना जड़ित एक छोटा कलश (लगभग 115 ग्राम) शामिल था, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच, थाना पुलिस समेत कई टीमों ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध की पहचान की गई। आरोपी की गिरफ्तारी और कलश की बरामदगी से श्रद्धालुओं और आयोजकों ने राहत की सांस ली है। जैन समुदाय ने इसे आस्था से जुड़ी बड़ी क्षति बताया था। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने की मांग की थी। अब उम्मीद है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस जल्द ही इस चोरी की पूरी साजिश का पर्दाफाश करेगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts