सहारनपुर : इन दिनों जनपद सहारनपुर को उड़ता पंजाब बनाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने कुख्यात ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर उड़ता पंजाब बनाने की कोशिश नाकाम की है। पुलिस ने तस्कर के पास से 557 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की। जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 1.25 करोड़ बताई जा रही है। पुलिस की इस कार्यवाई से ड्रग्स माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। थाना नकुड़ पुलिस ने यह कार्यवाई ऑपरेशन एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के साथ संयुक्त रूप से “ऑपरेशन सवेरा” के तहत की है।
SP देहात सागर जैन ने बताया कि जनपद सहारनपुर में अवैध ड्रग्स के कारोबार को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत, थाना नकुड़ पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने घाटमपुर तिराहा गांव में चेकिंग के दौरान ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार तस्कर की पहचान आमिर पुत्र जीशान खान, निवासी कादरगंज गांव फतेहगंज पूर्वी पुलिस स्टेशन क्षेत्र, बरेली जिले के रूप में हुई है। आमिर के पास से 557 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक बैग, एक मोबाइल फोन और 1210 रूपये नकद बरामद हुए हैं। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.25 करोड़ रूपये बताई जा रही है।
SSP आशीष तिवारी ने बताया कि पुलिस पूछताछ के दौरान पकडे गए तस्कर आमिर ने बताया कि वह बरेली इलाके से हेरोइन लाकर सहारनपुर और आसपास के जिलों में सप्लाई करने की योजना बना रहा था। उसने यह भी कबूल किया कि वह लंबे समय से ड्रग तस्करी नेटवर्क में शामिल है और स्थानीय युवाओं को ड्रग्स सप्लाई करता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। अगर उसके खिलाफ कोई पिछला मामला मिलता है, तो उसे भी केस डायरी में शामिल किया जाएगा। थाना नकुड़ आमिर के खिलाफ में NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है, और उसे जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा। SSP आशीष तिवारी ने कहा कि ड्रग तस्करों के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा।

