डूडा कर्मी विक्रांत और प्रेमिका राखी की हत्या, सनसनीखेज डबल मर्डर से दहला सहारनपुर-बागपत

DUDA employee Vikrant and his girlfriend Rakhi murdered Sensational double murder rocks Saharanpur-Baghpat
सहारनपुर/बागपत : पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सामने आए डबल मर्डर केस ने सनसनी फैला दी है। जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) में तैनात सिटी मिशन मैनेजर विक्रांत कुमार और उनकी कथित प्रेमिका राखी कश्यप की हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जांच में सामने आ रही परतें इस पूरे मामले को और भी जटिल बनाती जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार प्रयागराज निवासी 37 वर्षीय विक्रांत कुमार 16 अप्रैल को बागपत से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। उनकी पत्नी प्राची ने बागपत कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए राखी कश्यप पर पति को परेशान करने के आरोप लगाए थे। इसके अगले ही दिन 17 अप्रैल को सहारनपुर के बड़गांव थाना क्षेत्र में एक अज्ञात शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान बाद में विक्रांत कुमार के रूप में हुई।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि विक्रांत अपनी प्रेमिका राखी कश्यप से शादी करना चाहता था। इसी को लेकर बागपत में एक पार्टी आयोजित की गई थी, जिसमें सुधारस चौहान, कपिल चौहान और राखी कश्यप मौजूद थे। बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान शराब के नशे में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि आरोप है राखी ने लाइसेंसी पिस्टल से विक्रांत की जांघ में गोली मार दी।
घटना के बाद घायल विक्रांत को सहारनपुर लाया गया, जहां उसके सिर पर भारी वस्तु से वार कर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को नहर में फेंक दिया गया, ताकि पहचान छिपाई जा सके। पुलिस को शुरुआती जांच में यह मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद गहराई से जांच शुरू की गई।
वहीं, इस हत्याकांड को छिपाने के लिए आरोपियों ने एक और खौफनाक साजिश रची। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मुख्य आरोपी सुधारस चौहान को डर था कि राखी कश्यप सच्चाई उजागर कर सकती है। ऐसे में उसने कपिल चौहान के साथ मिलकर राखी को मिर्जापुर थाना क्षेत्र के रजापुर नौगांव स्थित एक फार्महाउस पर बुलाया। वहां दोनों ने मिलकर चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगा दिया।
27 अप्रैल को राखी कश्यप का शव बरामद होने के बाद मामला डबल मर्डर में बदल गया और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सहारनपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कपिल चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, जिसमें कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस अब कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम को जोड़ने में जुटी है।
एसपी देहात का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस की कई टीमें अलग-अलग पहलुओं पर काम कर रही हैं। इस डबल मर्डर केस ने एक बार फिर रिश्तों में बढ़ते अविश्वास और अपराध की भयावह तस्वीर को उजागर कर दिया है।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts