रेवाड़ी : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रेवाड़ी जिले के गोकुलपुर आश्रम में आयोजित एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम में शिरकत कर आस्था और विकास के समन्वय का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने गोकुलपुर स्थित महाभारतकालीन प्राचीन शिव मंदिर परिसर में नवनिर्मित ‘महादेव प्रांगण’ का विधिवत लोकार्पण किया और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आश्रम में शीश नवाकर इसे अपना परम सौभाग्य बताया। उन्होंने कहा कि गोकुलपुर आश्रम केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों का जीवंत केंद्र है, जो लोगों को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करता है। इस अवसर पर उन्होंने संत बाबा गिरधारी दास जी महाराज की तपस्या, सेवा और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संत समाज को सही दिशा देने और संस्कारों को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि गौ माता के संरक्षण और संवर्धन के लिए राज्य बजट में ₹600 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को भी देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर प्रदान किया जा रहा है।
रेवाड़ी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने गांव रामगढ़ भगवानपुर में पिछले वर्ष 17 जून 2025 से चल रहे धरने को समाप्त करवाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि उपयुक्त भूमि उपलब्ध होते ही क्षेत्र में 200 बेड का आधुनिक अस्पताल और आयुर्वेदिक कॉलेज स्थापित किया जाएगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार आएगा।
इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने के लिए खेल स्टेडियम और जलघर के निर्माण का भी आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री के इस दौरे को स्थानीय लोगों ने सकारात्मक पहल मानते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में क्षेत्र में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलेगी। #Haryana #Rewari
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


