बिजली कर्मचारियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं, हर कर्मचारी का जीवन अमूल्य : अनिल विज

बिजली कर्मचारियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं, हर कर्मचारी का जीवन अमूल्य : अनिल विज

हरियाणा : हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर्स यूनियन के साथ आयोजित बैठक में बिजली कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी कर्मचारी का जीवन किसी भी मुआवजे से अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करने वाले कर्मचारियों को हर हाल में आधुनिक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।

बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फील्ड में कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी को आधुनिक सेफ्टी किट उपलब्ध कराई जाए। साथ ही इन सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए सर्कल स्तर पर नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि तकनीकी कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य होना चाहिए और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में बिजली चोरी की बढ़ती घटनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को बिजली चोरी रोकने के लिए सख्त कार्रवाई करने और निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी से विभाग को आर्थिक नुकसान होता है, जिसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं और कर्मचारियों पर पड़ता है।

इसके अलावा कर्मचारियों की लंबित पदोन्नति मामलों पर भी चर्चा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रमोशन से जुड़े मामलों का जल्द निपटारा किया जाए, ताकि कर्मचारियों को समय पर उनका अधिकार मिल सके। यूनियन प्रतिनिधियों ने भी कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को मंत्री के सामने रखा, जिन पर सकारात्मक चर्चा हुई। ऊर्जा मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार बिजली कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और विभाग में कार्यरत कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts