सहारनपुर : एनसीसी निदेशालय लखनऊ के अंतर्गत मेरठ ग्रुप की 83 वाहिनी एनसीसी सहारनपुर द्वारा देवभूमि ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, बेरी जमापुर में आयोजित 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर-256 के तीसरे दिन कैडेट्स को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। शिविर का संचालन कमान अधिकारी कर्नल नविंदर सिंह मान (सेना मेडल) के नेतृत्व में किया जा रहा है। शिविर के दौरान डिप्टी कैंप कमांडेंट कर्नल तनय कोठियाल ने एनसीसी कैडेट्स के अनुशासित व्यवहार और प्रशिक्षण के प्रति उनकी लगन की सराहना की।

उन्होंने कैडेट्स को निरंतर कठिन परिश्रम करने तथा जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अनुशासन, समर्पण और मेहनत ही किसी भी व्यक्ति को उसके लक्ष्य तक पहुंचाने का माध्यम बनते हैं। कैंप एडजुटेंट कैप्टन राजेश कुमार ने कैडेट्स को सॉफ्ट स्किल्स के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल और नेतृत्व क्षमता जीवन के हर क्षेत्र में सफलता के लिए आवश्यक हैं। कैडेट्स को अपने व्यक्तित्व को निखारने और आत्मविश्वास बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई। चीफ ऑफिसर बृजेश पुंडीर ने एनसीसी के ए, बी और सी प्रमाणपत्रों से मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेना, अर्द्धसैनिक बलों और विभिन्न सिविल सेवाओं में एनसीसी प्रमाणपत्र धारकों को विशेष लाभ और अवसर प्राप्त होते हैं।
दूसरी ओर कैप्टन डॉ. मनीष जायसवाल, सूबेदार सतीश थापा एवं जीसीआई अरीबा ने संभावित आईजीसी और आरडीसी के लिए कैडेट्स का अभ्यास शुरू कराया तथा प्रतिभाशाली कैडेट्स के चयन की प्रक्रिया प्रारंभ की। वहीं सूबेदार नक्षत्र सिंह और हवलदार देव सिंह ने कैडेट्स को टेंट लगाने और हटाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। हवलदार जसवीर सिंह ने हथियारों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की, जबकि हवलदार गोविंद थापा ने मैप रीडिंग और जीपीएस के उपयोग की बारीकियों से कैडेट्स को अवगत कराया।
शिविर के सफल संचालन में कैप्टन सुभाष चंद्र, कैप्टन मनीष जायसवाल, लेफ्टिनेंट प्रवीण कुमार, चीफ ऑफिसर बृजेश पुंडीर, सूबेदार सतीश थापा, सूबेदार यू. बहादुर आले, हवलदार सोहनलाल, नरेंद्र कुमार, गोविंद थापा, जसवीर सिंह, किशन सिंहली, नायक शिवकुमार तथा कॉलेज प्रबंधन एवं प्रशासन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स उत्साहपूर्वक भाग लेकर सैन्य प्रशिक्षण और नेतृत्व कौशल का विकास कर रहे हैं।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


