सहारनपुर : लगातार हो रही बारिश के चलते सहारनपुर में ढमोला नदी उफान पर है। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे कृष्ण धाम कॉलोनी के पास बने स्थायी पुल पर पानी का तेज बहाव होने से एक बुजुर्ग व्यक्ति साइकिल समेत नदी में गिर गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। समाचार लिखे जाने तक बुजुर्ग का कोई पता नहीं चल सका था और उनकी पहचान भी नहीं हो पाई थी।
जानकारी के मुताबिक थाना देहात कोतवाली इलाके के देव नगर की ओर से एक बुजुर्ग कृष्ण धाम कॉलोनी की तरफ जा रहे थे। उस समय ढमोला नदी के स्थायी पुल के ऊपर से पानी बह रहा था। पुल पर पानी का बहाव काफी तेज होने के कारण बुजुर्ग का संतुलन बिगड़ गया और वह साइकिल सहित नदी में जा गिरे। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत थाना देहात कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ को बुलाया गया। इसके बाद नदी में बुजुर्ग की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहकर अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय पुल पर पानी का बहाव बेहद तेज था। इसके बावजूद बुजुर्ग साइकिल लेकर पुल पार करने लगे, लेकिन अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नदी में समा गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना देकर बचाव कार्य शुरू कराया। एसपी सिटी व्योम बिंदल का कहना है कि फिलहाल एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। उन्होंने ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान जलभराव या तेज बहाव वाले पुलों और रास्तों को पार करने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचना दें।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


