इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार बना मासूम की मौत की वजह, प्रेमी पर 6 माह के बच्चे की हत्या का आरोप, आरोपी प्रेमी गिरफ्तार

A love affair on Instagram led to the death of an innocent child, A lover has been accused of murdering a 6-month-old child
सहारनपुर : सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। गंगोह के दौलतपुर छन्नों गांव निवासी इमरान ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी शबाना इंस्टाग्राम पर बने प्रेमी विशाल के साथ चली गई और इसी दौरान उनके छह महीने के बेटे समीर की मौत हो गई। इमरान का आरोप है कि विशाल ने उसके बेटे की हत्या कर शव मेरठ के नौचंदी क्षेत्र के एक नाले में फेंक दिया। पुलिस ने प्रेमी विशाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे देर रात गिरफ्तार कर लिया है।
पति इमरान ने बताया कि उसकी पत्नी शबाना बेटे समीर को दवा दिलाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद गंगोह थाने में पत्नी और बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस जांच के दौरान शबाना हापुड़ जिले के मुदाफरा गांव स्थित विशाल के घर से बरामद हुई। उसके साथ बच्चा नहीं था। पूछताछ में शबाना ने बताया कि कुछ महीने पहले उसकी इंस्टाग्राम पर विशाल से दोस्ती हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। 12 जुलाई की रात वह बेटे को लेकर मेरठ के सोहराब गेट बस अड्डे पर विशाल से मिली। विशाल ने कहा कि वह बच्चे को अपने घर नहीं ले जा सकता और उसे अपने एक दोस्त के पास छोड़ने की बात कही। करीब पांच मिनट बाद लौटकर उसने कहा कि बच्चा सुरक्षित है। इसके बाद वह शबाना को अपने साथ हापुड़ ले गया।
इसी बीच 13 जुलाई को मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र की पंचशील कॉलोनी के पास एक खुले नाले से छह माह के बच्चे का शव मिला था। उस समय उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। 29 जुलाई को इमरान नौचंदी थाने पहुंचा और तस्वीर देखकर शव की पहचान अपने बेटे समीर के रूप में की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना बताया गया। इसके बाद इमरान ने विशाल के खिलाफ बेटे की हत्या कर शव नाले में फेंकने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। गंगोह पुलिस ने हत्या के आरोप में जीरो एफआईआर दर्ज कर ली। चूंकि घटना मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र की है, इसलिए मामले की आगे की जांच मेरठ पुलिस करेगी।
पुलिस ने प्रेमी विशाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे देर रात गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, शबाना को मामले में चश्मदीद गवाह बनाया गया है, क्योंकि आरोपी बच्चे को उसकी गोद से लेकर गया था। इमरान की शबाना दूसरी पत्नी है। वह पहले शामली जिले के कैराना क्षेत्र में रहता था और करीब आठ वर्ष पहले परिवार सहित गंगोह के दौलतपुर छन्नों गांव में आकर बस गया था। पहली पत्नी की मौत के बाद उसने शबाना से दूसरा निकाह किया था। वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। उसके चार बच्चों में से अब एक बेटे समीर की मौत हो चुकी है। सीओ गंगोह शशि प्रकाश शर्मा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर जीरो एफआईआर दर्ज कर ली गई है। चूंकि घटना मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र की है, इसलिए मामले की विवेचना मेरठ पुलिस द्वारा की जाएगी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts