योगी का दावा- रात 2 बजे भी बेखौफ घर लौट रहीं बेटियां, साढ़े नौ साल में बदली यूपी की तस्वीर

CM Yogi's Lucknow Speech

लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और युवाओं के रोजगार को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि साढ़े नौ साल पहले प्रदेश के सामने पहचान और सुरक्षा का संकट था, लेकिन आज उत्तर प्रदेश की पहचान उसके प्रतिभाशाली युवाओं, उद्योगों और विकास कार्यों से हो रही है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अब महिलाएं रात दो बजे भी ड्यूटी खत्म करने के बाद बेखौफ घर लौट रही हैं।

आठ बिंदुओं में गिनाईं उपलब्धियां

मंगलवार को लखनऊ के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लोकप्रिय ‘बिफोर एंड आफ्टर’ रील का उदाहरण दिया। उन्होंने आठ फ्रेम के जरिए प्रदेश में हुए बदलावों का जिक्र किया। इनमें कानून-व्यवस्था, सरकारी भर्तियों में योग्यता, खिलाड़ियों को नौकरी, युवाओं के रोजगार, आधुनिक तकनीक, निवेश, अर्थव्यवस्था और पर्यटन जैसे मुद्दे शामिल रहे। योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब युवाओं को रोजगार तलाशने के साथ रोजगार देने वाला बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

महिला सुरक्षा में सुधार का किया दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में परिवार बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते थे। कई परिवार उन्हें पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों में भेजने को मजबूर थे।

उन्होंने लखनऊ स्थित एचसीएल में काम करने वाली महिलाओं का उदाहरण देते हुए बताया कि बाराबंकी, उन्नाव और सीतापुर से महिलाएं नाइट शिफ्ट में काम करने आती हैं। बातचीत में महिलाओं ने रात दो बजे भी ड्यूटी खत्म होने के बाद बेखौफ घर लौटने की बात कही। मुख्यमंत्री ने इसे कानून-व्यवस्था में आए बदलाव का उदाहरण बताया।

माफिया की जगह उत्पादों को पहचान

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले प्रदेश में माफिया का प्रभाव था, जबकि अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ के माध्यम से जिलों के विशिष्ट उत्पादों को पहचान मिल रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 96 लाख एमएसएमई इकाइयां हैं, जिनसे 3.25 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिल रहा है।

सरकारी नौकरी और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री के मुताबिक, साढ़े नौ वर्षों में लगभग 9.5 लाख सरकारी नियुक्तियां की गई हैं। अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य है। उन्होंने करीब 4,500 सब इंस्पेक्टरों को नियुक्ति पत्र देने और 32 हजार से अधिक पुलिस कांस्टेबलों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी भी दी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 1,400 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी मिली है। साथ ही, स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार होने का दावा किया। मुख्यमंत्री ने युवा उद्यमियों को बिना ब्याज और बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराने की योजना का भी उल्लेख किया। योगी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को अवसर देना, महिलाओं की सुरक्षा मजबूत करना और उत्तर प्रदेश को विकास के नए रास्ते पर आगे बढ़ाना है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts