यूपी में नौकरियों की बहार: 1,594 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, योगी का ऐलान- अगले सप्ताह 50 हजार को और मिलेगा नियुक्ति पत्र

Uttar Pradesh employment

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए योगी सरकार ने रोजगार के मोर्चे पर एक और बड़ी उपलब्धि पेश की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में 1,594 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें 201 लेखा परीक्षक और 1,393 सहायक लेखाकार शामिल हैं। इन सभी का चयन उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के माध्यम से आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय के लिए किया गया है।

जुपिटर हॉल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी नौकरी केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत और संघर्ष का परिणाम होती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

रोजगार के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा

नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में इतनी तेजी से नियुक्ति पत्र बांटे जा रहे हैं कि सैफई सिंडिकेट के लिए इनकी गिनती करना मुश्किल हो जाएगा। उनके मुताबिक, विपक्ष को नोट गिनने की आदत रही है।

मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव से पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में दी गई नौकरियों का हिसाब सार्वजनिक करने की चुनौती भी दी। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार अब तक करीब पौने दस लाख नियुक्ति पत्र वितरित कर चुकी होगी। सीएम ने कहा कि विपक्ष को रोजगार के मुद्दे पर सवाल उठाने से पहले अपने कार्यकाल का रिकॉर्ड भी जनता के सामने रखना चाहिए।

अगले सप्ताह 50 हजार नियुक्तियों की तैयारी

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए एक और बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह लगभग 50 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाने की तैयारी है। इनमें करीब आठ हजार लेखपाल और 42 हजार होमगार्ड शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त शिक्षा सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित लगभग दो हजार अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।

इस घोषणा के बाद प्रदेश में सरकारी भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के बीच रोजगार को लेकर नई उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्तियों का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा और योग्य अभ्यर्थियों को उनकी मेहनत के आधार पर अवसर दिए जाएंगे।

पुरानी भर्ती व्यवस्था पर लगाए गंभीर आरोप

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले की भर्ती व्यवस्था को लेकर सपा सरकार पर भ्रष्टाचार और वसूली के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उस समय नौकरी का विज्ञापन निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी सक्रिय हो जाती थी। योग्य उम्मीदवार मेहनत करने के बावजूद पीछे रह जाते थे और कथित तौर पर प्रभावशाली लोगों को नियुक्तियां मिलती थीं।

उन्होंने मुन्ना भाई एमबीबीएस फिल्म का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले भर्ती व्यवस्था में भी इसी तरह की गड़बड़ियां देखने को मिलती थीं। मुख्यमंत्री ने 2015-16 की पीसीएस भर्ती का जिक्र करते हुए चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाए और कहा कि उस दौर में मेरिट के साथ समझौता किया गया।

आधुनिक तकनीक में युवाओं को मिल रहे अवसर

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब उपद्रव प्रदेश की पहचान से बाहर निकलकर निवेश, रोजगार और तकनीकी विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार ने तकनीकी विश्वविद्यालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, 3डी प्रिंटिंग और स्पेस टेक्नोलॉजी जैसे विषयों को बढ़ावा दिया है।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के युवा ब्रह्मोस मिसाइल और कलाश्निकोव-203 राइफल जैसे रक्षा उत्पादन से जुड़े कार्यों में भी अपनी भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों से ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपील की। कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, प्रमुख सचिव वित्त एवं आईटी आलोक कुमार, सचिव वित्त मिनिस्ती एसजी, सचिव वित्त संदीप कौर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts