पुलिस और बदमाशों के बीच चली गोलियां, मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

Gunfire erupts between police and criminals, Criminal carrying a reward of 25000 rupees arrested in encounter

सहारनपुर : सहारनपुर में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच उस वक्त मुठभेड़ हो गई जब चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार युवकों को रुकने का इशारा किया। बदमाशों ने पकड़े जाने से डर से पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। मुठभेड़ में गोली लगने से 25 हजार का इनामी बदमाश घायल हो ग़या। जबकि उसके साथी ने हाथ ऊपर कर सरेंडर कर दिया। घायल बदमाश को गिरफ्तार कर पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसका उपचार चल रहा है। पकड़े गए बदमाशों के ख़िलाफ़ कई थानों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

आपको बता दें कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में अपराधियों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार की देर रात थाना बेहट पुलिस जनता रोड स्थित शाहपुर मोड़ पर संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। तभी जनता रोड की ओर से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी दिखाकर रुकने का इशारा किया तो दोनों युवक मोटरसाइकिल मोड़कर संसारपुर की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया। कुछ दूरी पर तेज रफ्तार के कारण बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान आसिफ पुत्र जलील निवासी ग्राम खिडका भटकव्वा थाना बेहट के रूप में हुई। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। आसिफ पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह गौकशी के मुकदमे में वांछित चल रहा था। मौके से गिरफ्तार दूसरे आरोपी की पहचान आदिल पुत्र अल्ताफ निवासी मोहल्ला कस्साबान, कस्बा एवं थाना बेहट के रूप में हुई है।

सीओ बेहट प्रिया यादव ने बताया कि आसिफ के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में गौकशी, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत आठ मुकदमे दर्ज हैं, जबकि आदिल पर भी चार आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। आसिफ के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं आदिल के कब्जे से भी एक अवैध तमंचा .315 बोर तथा जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts