तेज़ रफ़्तार कार हाईवे किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई,एक ही परिवार के पाँच सदस्यों समेत छह लोगों मौत

मुज़फ़्फ़रनगर: हरियाणा के करनाल से अस्थि विसर्जन के लिए हरिद्वार जा रहा एक परिवार मुज़फ़्फ़रनगर के तितावी गाँव में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। तेज़ रफ़्तार कार हाईवे किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि कार चकनाचूर हो गई। कार में सात लोग सवार थे। एक ही परिवार के पाँच सदस्यों समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।

दरअसल, करनाल के फ़रीदपुर गाँव निवासी महेंद्र जुनेजा का कुछ दिन पहले कैंसर से निधन हो गया था। परिवार उनकी अस्थियाँ गंगा में विसर्जित करने हरिद्वार के लिए निकला था। कार में महेंद्र का बेटा पीयूष, पत्नी मोहिनी, बेटा हार्दिक, बेटी अंजू, भाई राजेंद्र और भतीजा विक्की सवार थे। शिवा कार चला रहा था।

बुधवार सुबह करीब सात बजे पानीपत-खटीमा हाईवे पर तितावी इलाके में सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से कार टकरा गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुँच गए। पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने कार सवार सभी लोगों को बाहर निकाला। तब तक हार्दिक को छोड़कर सभी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने घायल हार्दिक को अस्पताल पहुँचाया। उसकी हालत गंभीर है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचित कर दिया है। सीओ फुगाना रूपाली राव ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटना की जाँच की जा रही है। परिजन भी मुजफ्फरनगर पहुँच गए हैं। इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मुजफ्फरनगर में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts