मामूली बात पर एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी की कर दी हत्या, मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी

रुड़की : हरिद्वार जिले के रुड़की में एक व्यक्ति ने मामूली बात पर अपने पड़ोसी की हत्या कर दी। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी व्यक्ति, उसकी पत्नी और बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

दरअसल, गंगनहर कोतवाली क्षेत्र की सुभाष नगर कॉलोनी स्थित गली में रहने वाले नैतिक माहेश्वरी ने पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें उन्होंने बताया है कि 29 जुलाई की रात करीब 10 बजे वह अपने पिता, माता और भाई के साथ घर पर मौजूद थे। इसी दौरान उनके घर के बाहर से गाली-गलौज की आवाज आने लगी, जिसके बाद सभी लोग घर से बाहर आए और देखा कि पड़ोस में रहने वाले अमित शर्मा, उनकी पत्नी और बेटा उनके गेट के बाहर गाली-गलौज कर रहे थे।

वहीं, नैतिक के अनुसार, उन्होंने गाली-गलौज करने से मना किया, जिस पर अमित शर्मा ने कहा कि उनके परिवार के बारे में अभद्र शब्दों का प्रयोग किया जा रहा है। नैतिक का आरोप है कि इसके बाद अमित ने उसके पिता से झगड़ा शुरू कर दिया। इसी बीच अमित की पत्नी और बेटा भी आ गए। उन्होंने मिलकर उसके पिता की पिटाई शुरू कर दी। जिसके बाद शोर सुनकर मोहल्ले के कुछ लोग अपने घरों से बाहर आ गए।

नैतिक के मुताबिक, उसने अपनी मां और भाई के साथ बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि अमित शर्मा ने उसके पिता का गला घोंट दिया और जब उसने उन्हें छुड़ाने की कोशिश की, तो उसने उनका गला और ज़ोर से दबा दिया। कुछ देर बाद उसके पिता अजय माहेश्वरी सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद तीनों मौके से फरार हो गए।

इसके बाद नैतिक और परिजन अजय माहेश्वरी को निजी वाहन से इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने अजय माहेश्वरी को मृत घोषित कर दिया। उधर, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरी जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेज दिया।

वहीं इस बात का पता चला है कि मृतक अजय माहेश्वरी का बेटा और आरोपी का बेटा एक ही स्कूल में पढ़ते हैं। स्कूल में ही दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद आरोपी के बेटे ने घर आकर यह बात अपने परिजनों को बताई। इससे नाराज होकर वह पड़ोसी के घर के बाहर गया और गाली-गलौज करने लगा। जो हत्या तक जा पहुंचा। पूरे मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर अमित शर्मा, उसकी पत्नी और बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts